कर्नाटक में ठेकेदार की मौत: मंत्री बोले- 'ना देखा है ना मिला हूं', इस्तीफे पर कही ये बात
बेंगलुरु, 13 अप्रैल। कर्नाटक की बीजेपी सरकार में मंत्री ईश्वरप्पा ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के बाद आत्महत्या करने वाले ठेकेदार संतोष पाटिल को जानने या उससे मुलाकात होने से इनकार किया है। इसके साथ ही मंत्री ने इस्तीफा देने से भी इनकार किया है।

ठेकेदार के आरोप लगाने के बाद आत्महत्या करने से कर्नाटक में राजनीति गरमा गई है और विपक्ष लगातार मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा पत्र
राज्य में प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने राज्यपाल थावर चंद गहलोत को एक पत्र सौंपा है जिसमें राज्य सरकार से मंत्री ईश्वरप्पा को बर्खास्त करने की मांग की गई है। उन्होंने ठेकेदार संतोष पाटिल की कथित आत्महत्या के सिलसिले में उनकी गिरफ्तारी की भी मांग की।
ईश्वरप्पा पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भाजपा आलाकमान बुधवार शाम तक फैसला ले लेगा।
वहीं मंत्री ईश्वरप्पा ने कहा "मैंने पहले ही मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए आदेश देने का आग्रह किया है।"
क्या है मामला?
कर्नाटक में एक ठेकेदार संतोष पाटिल उडुपी के एक लॉज में मृत पाए गए थे। प्रथम दृष्टया ऐसा मालूम पड़ता है कि पाटिल ने आत्महत्या की है। अपनी मृत्यु से पहले पाटिल ने कथित तौर पर अपने दोस्तों को एक व्हाट्सएप संदेश भेजा था जिसमें उन्होंने आत्महत्या करने का इरादा जाहिर किया था और इसके लिए ईश्वरप्पा को जिम्मेदार ठहराया था।












Click it and Unblock the Notifications