Karnataka Assembly Elections 2023: जानिए कर्नाटक विधानसभा की सीटों का मौजूदा गणित, किसके पास कितनी सीट
कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं, ऐसे में किसी दल के पास इस समय कितनी सीटें हैं, आइए डालते हैं एक नजर।

Karnataka Assembly Elections 2023: कर्नाटक में आज विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाएगा, ऐसे में हर किसी की नजर प्रदेश पर टिकी है। यहां फिलहाल भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। लेकिन इस बार भाजपा को सीधी टक्कर कांग्रेस पार्टी से मिलने वाली है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सत्ता में लौटने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। पार्टी के दो दिग्गज नेता डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया पिछले कुछ समय से लगातार भाजपा पर हमलावर हैं और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए अपनी ताकत को झोंक रहे हैं। कर्नाटक को दक्षिण में भाजपा का गढ़ भी माना जाता है, लिहाजा इस बार का चुनाव काफी अहम होने वाला है।
प्रदेश में मौजूदा स्थिति
प्रदेश में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं, ऐसे में किसी भी दल को सत्ता में आने के लिए 113 सीटों पर जीत की जररूत है। मौजूदा समय में भाजपा के पास प्रदेश में 119 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस के पास 75 सीट और कांग्रेस की पूर्व सहयोगी जेडीएस के पास 28 सीटें हैं। पिछले चुनाव में अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो भाजपा के खाते में 46.43 फीसदी वोट आए थे, जबकि कांग्रेस के खाते में 35.71 वोट आए थे। वहीं जेडीएस 16.52 फीसदी वोट हासिल करने में सफल हुई थी। लिहाजा इस बार कांग्रेस और भाजपा के वोट फीसदी के अंतर पर जरूर हर किसी की नजर होगी।
2018 के नतीजे
पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो 2018 में भाजपा को 104 सीटों पर, कांग्रेस को को 80 सीटों पर और जेडीएस को 37 सीटों पर जीत मिली थी। किसी भी दल को पूर्ण बहुमत हासिल नहीं हुआ था। जिसके बाद कांग्रेस और जेडीएस ने मिलकर प्रदेश में सरकार बनाई थी। गठबंधन में जेडीएस नेता कुमारस्वामी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया था। लेकिन महज 14 महीनों के बाद ही यह सरकार गिर गई। दरअसल कई कांग्रेस के विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था, जिसकी वजह से कुमारस्वामी सरकार गिर गई। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार गिरने के बाद भाजपा ने येदियुरप्पा की अगुवाई में प्रदेश में सरकार का गठन किया। हालांकि दो साल के बाद सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया और बसवराज बोम्मई को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया।
पांच साल में तीन CM
पिछले पांच साल में कर्नाटक में काफी राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिली है। प्रदेश में पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बने। पहले कुमारस्वामी, फिर येदियुरप्पा और आखिर में बसवराज बोम्मई प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। 23 मई 2018 को कुमारस्वामी ने सीएम पद की शपथ ली, 23 जुलाई 2019 तक वह मुख्यमंत्री रहे और इसके बाद येदियुरप्पा ने 26 जुलाई 2019 को सीएम पद की शपथ ली और वह 28 जुलाई 2021 तक मुख्यमंत्री रहे। आखिर में 28 जुलाई 2021 को बसवराज प्रदेश के सीएम बने।












Click it and Unblock the Notifications