सेना की मदद के लिए BRO का ऐतिहासिक कदम, अप्रैल की जगह 27 फरवरी को खुल जाएगा कारगिल-लेह हाईवे
जम्मू: पिछले साल मई में चीन के साथ सिक्किम और लद्दाख में भारत का सीमा विवाद शुरू हुआ था। कुछ दिनों बाद सिक्किम में सीमा विवाद खत्म हो गया, लेकिन लद्दाख में हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना भी अपनी तैयारियां लद्दाख में मजबूत करने में जुटी है। जिसको बॉर्डर रोड आर्गेनाइजेशन (BRO) और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख ट्रैफिक पुलिस का भी पूरा साथ मिल रहा है। जिस वजह से इस बार कारगिल-लेह हाईवे अप्रैल की जगह फरवरी में ही खोल दिया जाएगा।

दरअसल बर्फबारी की वजह से नवंबर के अंत या फिर दिसंबर में श्रीनगर-लेह हाईवे यातायात के लिए बंद कर दिया जाता है। इसके बाद ये करीब 5-6 महीने बंद रहता है और अप्रैल या मई में दोबारा से खुलता है, लेकिन इस बार बीआरओ ने सेना और ट्रैफिक पुलिस की मदद से नया इतिहास रचा। जिस वजह से कारगिल लेह हाईवे 27 फरवरी से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
मामले में कारगिल एसपी ने कहा कि कारगिल-लेह हाईवे यातायात के लिए 27 तारीख से खुल रहा है, लेकिन सभी को सलाह दी जाती है कि वो यात्रा से पहले रूट से संबंधित जानकारी जरूर ले लें। उनकी ओर से मीनामर्ग में जवानों को भेजा जा रहा है, जो 26 फरवरी की शाम से वहां पर कैंप करेंगे।
क्यों जरूरी है ये हाईवे?
लद्दाख में पिछले 9 महीनों से सीमा विवाद जारी है। बर्फबारी की वजह से नवंबर के अंत में वाहनों की आवाजाही इस हाईवे से बंद हो जाती है। ऐसे में सेना के पास सिर्फ वायुमार्ग से सामान पहुंचाने का ही विकल्प बचता है, लेकिन खराब मौसम समेत उसमें भी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। साथ ही सभी सामानों को हवाई मार्ग से पहुंचाना मुश्किल है, ऐसे में श्रीनगर-लेह हाईवे सेना के लिए काफी अहम है। वहीं पिछले साल सेना ने हाईवे बंद होने से पहले ही अच्छी मात्रा में जरूरी स्टॉक जमा कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications