मंहगाई को लेकर कपिल सिब्बल ने BJP पर साधा निशाना,कहा-केवल भाजपा के लोगों की आय बढ़ी है
नई दिल्ली, 01 नवंबर: मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया द्वारा महंगाई को लेकर दिए गए बयान की कांग्रेस पार्टी ने आलोचना की है। महेंद्र सिंह ने रविवार को कहा था कि अगर जनता की आमदनी बढ़ रही है, तो उसे थोड़ी महंगाई भी स्वीकार करनी चाहिए। कांग्रेस नेता कमलनाथ के बाद अब सीनियर लीडर कपिल सिब्बल ने मंत्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी मंत्री ने कहा कि आमदनी बढ़ी है लेकिन जनता की नहीं सिर्फ उनकी आमदनी बढ़ी है।

सोमवार के एक बार फिर से एलपीज और डीजल-पेट्रोल में दामों में हुई बढ़ोत्तरी पर बोलते कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि, बीजेपी मंत्री ने कहा कि आमदनी बढ़ी है लेकिन जनता की नहीं सिर्फ उनकी आमदनी बढ़ी है। ईंधन, रसोई गैस की कीमतें बढ़ी हैं। वे गरीब लोगों के बारे में नहीं सोचते हैं और केवल धर्म की राजनीति करते हैं। मुझे उम्मीद है कि लोग इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और यूपी 2022 के चुनावों में उन्हें हराकर इसकी शुरुआत करेंगे।
इससे पहले कमलनाथ ने कहा था कि, मुझे दुख है कि बीजेपी के मंत्री ये कहकर हमारे नागरिकों का अपमान कर रहे हैं कि महंगाई तो बढ़ेगी ही, ये स्वाभाविक है। इस प्रकार का बयान हर नागरिक का अपमान है, ये साबित करता है कि बीजेपी की क्या सोच है। महेंद्र सिंह सिसौदिया ने रविवार को कहा था कि अगर जनता की आमदनी बढ़ रही है, तो उसे थोड़ी महंगाई भी स्वीकार करनी चाहिए। पेट्रोल-डीजल के दिनों-दिन बढ़ते दामों को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों को हर चीज मुफ्त में नहीं दे सकती।
मंत्री से पूछा गया कि पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों की मार झेल रहे आम आदमी को राहत देने के लिए क्या राज्य सरकार इन पर वैट नहीं घटा सकती? इस पर उन्होंने कहा, कि अब सरकार (नागरिकों को) मुफ्त में हर चीज तो दे नहीं सकती। पेट्रोलियम पदार्थों से सरकार को राजस्व मिलता है। इससे विकास की सरकारी योजनाएं चलती हैं। सिसौदिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या देश में कांग्रेस की पिछली सरकारों के कार्यकाल में महंगाई नहीं बढ़ी थी।












Click it and Unblock the Notifications