सुप्रीम कोर्ट में छाए कपिल सिब्बल
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला) बीता लोकसभा चुनाव दिल्ली की चाँदनी चौक सीट से हारने के बाद कपिल सिब्बल अब सुप्रीम कोर्ट में वकील के रूप में छा गए हैं। वे तमाम बड़े केस ले रहे हैं। वे सहारा समूह के चीफ सहाराश्री सुब्रतो राय सहारा के भी वकील हैं। कपिल सिब्बल कोलगेट केस में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भी वकील हैं।

कपिल सिब्बल ने बीते दिनों मानवाधिकार एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ के लिए भी पैरवी की थी सुप्रीम कोर्ट में। जिसके चलते सीतलवाड़ को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली। सीतलवाड़ के खिलाफ गुजरात हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी के आदेश दिए थे।
सारदा केस
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में सारदा घोटाला केस में कपिल सिब्बल ने पश्चिम बंगाल सरकार का प्रतिनिधित्व किया। उनके इस केस को लेने से कांग्रेस के कुछ नेता उनसे नाराज भी हो गए थे।
इस मसले पर कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, सिब्बल वकील हैं। उन्हें पार्टी की राज्य इकाई की भावनाओं पर गौर करना चाहिए। कपिल सिब्बल कुछ मामलों में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के लिए सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए हैं।
कोलगेट में मनमोहन सिंह
कोलगेट में सीबीआई कोर्ट से आरोपी बनाए गए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए कपिल सिब्बल पैरवी करेंगे। वैसे, कांग्रेस के पास पी.चिदंबमरम, अभिषेक मनु सिंघवी, मनीष तिवारी के रूप में कई नामवर वकील हैं।
25 लाख फीस
जानकारों ने बताया कि सिब्बल सरीखे वकील की एक दिन की फीस 25 लाख रुपये होती है। सारी फीस चेक से ली जाती है। बता दें कि सिब्ब्ल के पिता श्रीहीरा लाल सिब्बल पंजाब के नामी वकील थे। सिब्बल के पुत्र अमित भी सुप्रीम कोर्ट में प्रेक्टिस करते हैं। वे मानवाधिकार से जुड़े मामलों को भी लेते हैं।











Click it and Unblock the Notifications