कपिल मिश्रा का योगेंद्र यादव पर हमला, कहा- किसानों का 'भारत बंद' साबित होगा 'शाहीन बाग पार्ट-2'
नई दिल्ली। 8 दिसंबर को होने वाले किसानों के 'भारत बंद' को लेकर बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव पर निशाना साधा है। कपिल मिश्रा ने पूछा है कि क्या स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव किसानों के नेता हैं? साथ ही कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर किसानों के 'भारत बंद' को 'शाहीन बाग पार्ट-2' करार दिया।

योगेंद्र यादव ने की थी ये घोषणाएं
दरअसल, कपिल मिश्रा ने योगेंद्र यादव के उस प्लान को लेकर उनपर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने भारत बंद के दौरान क्या खुला और क्या बंद रहेगा, इसकी जानकारी दी थी। योगेंद्र यादव ने सिंघु बॉर्डर के पास एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा था कि 8 तारीख को सुबह से शाम तक भारत का चक्का जाम रहेगा। बंद के दौरान दूध, फल और सब्जियों की बिक्री पर पूरी तरह से रोक रहेगी। योगेंद्र यादव ने कहा था कि भारत बंद के दौरान शादियों और इमरजेंसी सेवाओं पर कोई रोक नहीं रहेगी। योगेंद्र यादव की इन्हीं घोषणाओं पर कपिल मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा है कि ये 'शाहीन बाग- 2' होगा।
योगेंद्र यादव क्यों दिल्ली की जरूरी सेवाएं ठप्प करना चाहते हैं- कपिल मिश्रा
योगेंद्र यादव की घोषणाओं पर निशाना साधते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि किसान चाहें आंदोलन करें या भारत बंद करें ये उनके और सरकार के बीच की बात है, लेकिन योगेंद्र यादव क्यों किसानों के बीच में घुस गए हैं? क्या वो किसान हैं या फिर किसानों के नेता? वो क्यों दिल्ली की दवाओं और आवश्यक सेवाओं को ठप्प करने की बात कर रहे हैं। कपिल मिश्रा ने कहा कि किसान आंदोलन में शाहीन बाग गैंग के लोग क्या कर रहे हैं? ये किसान तो हैं नहीं फिर ये किसानों के आंदोलन की छवि क्यों खराब कर रहे हैं?
कपिल मिश्रा ने शेयर की योगेंद्र यादव की फोटोशॉप हुई तस्वीर
कपिल मिश्रा ने ट्विटर के जरिए योगेंद्र यादव की फोटोशॉप की हुई तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें योगेंद्र यादव को 8 अलग-अलग रूपों में दिखाया गया, जिन्हें बंद के दौरान दिल्ली में अनुमति मिलेगी। इस फोटों में योगेंद्र यादव डॉक्टर, पुलिस, साइंटिस्ट, किसान, वकील और दमकलकर्मी के रूप में दिखाया है।












Click it and Unblock the Notifications