मंगेतर ने ही दोस्तों के साथ मिलकर की हरप्रीत की हत्या, साथियों को रेप के लिए भी उकसाया था
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कानपुर में बीकॉम छात्रा हरप्रीत कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मंगेतर हरप्रीत की हत्या में शामिल पंजाब के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने खुलासा किया कि हरप्रीत की सगाई के चार दिन पहले उसके मंगेतर ने ही अपने दो साथियों के साथ दिल्ली से आकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही पुलिस ने इस मामले में एक और खुलासा किया है।

9 दिन पहले भी हरप्रीत की हत्या का बनाया था प्लान
पुलिस का कहना है कि हरप्रीत की हत्या 9 दिन पहले ही हो गई होती लेकिन तब हत्यारों को चेहरा सामने आ जाने का डर हो गया था। घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे थे और इसी कारण हत्यारों ने अपना प्लान बदल दिया था। इसके बाद हत्यारों ने हरप्रीत को घर से बाहर लेकर नेशनल हाईवे पर उसकी हत्या कर दी। कानपुर में नजीराबाद में रहने वाली हरप्रीत कौर 9 दिसंबर से लापता थी, जबकि 12 दिसंबर को उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला था।

जुगराज पहले से शादीशुदा था
पुलिस ने इस हत्याकांड के बारे में बताया कि जुगराज की शादी हो चुकी थी, जिसकी जानकारी हरप्रीत को हो गई थी। असलियत सामने आने पर जुगराज ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हरप्रीत की हत्या का प्लान बनाया। 9 दिसंबर को हरप्रीत को सगाई की शॉपिंग के लिए दिल्ली जाना था। उसके पहले ही जुगराज अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया और कानपुर सेंट्रल के बाहर वह हरप्रीत का इंतजार करता रहा। इसके बाद हरप्रीत को साथ लेकर वह नेशनल हाईवे पर चला गया।

हाईवे के बगल में मिली थी लाश
वहां, हरप्रीत की हत्या करने के बाद शव को फेंककर वे दिल्ली निकल गए। इस मामले में पुलिस ने सुखविंदर को दबोचा तो इस हत्याकांड का खुलासा हुआ। उसने बताया कि वह हरप्रीत के घर के पास भी गया था लेकिन सीसीटीवी में नजर आने के बाद उसने हत्या का प्लान बदल दिया था। पुलिस का कहना है कि हत्यारे उस दिन हरप्रीत की मां को भी मारने वाले थे। सुखविंदर ने पूछताछ के दौरान बताया कि जुगराज ने हरप्रीत का रेप करने के लिए भी उकसाया था, लेकिन उसने रेप नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications