हिमाचल के लिए खुशखबरी, कांगड़ा चाय को मिला GI टैग, जानें इसकी खासियत?
Kangra tea को यूरोपियन यूनियन का जीआई टैग मिला है। ऐसे में अब इसका व्यापार बढ़ने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश के लिए एक गुड न्यूज आई है, जहां कांगड़ा चाय को यूरोपियन यूनियन (EU) से जियोग्राफिकल इंडिकेशन (जीआई) टैग मिला। भारत में स्थित EU डेलिगेशन ने ट्वीट कर इसकी पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि कांगड़ा चाय को अब जीआई टैग मिल गया है। यूरोपीय संघ और भारत दोनों जीआई पर जोर देते हैं। साथ ही दोनों स्थानीय भोजन को महत्व देते हुए स्थानीय परंपराओं को बनाए रखते हैं। इसके अलावा वो समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करके उसे बढ़ावा देते हैं।
इस टैग के मिलने से कांगड़ा चाय के व्यापार से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। ये टैग कांगड़ा चाय को यूरोपीय बाजार में प्रवेश करने का अवसर प्रदान करेगा। इससे पहले 2005 में इसे भारत का जीआई टैग मिला था। स्थानीय लोगों की मानें तो 1999 से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा क्षेत्र में चाय की खेती और विकास में लगातार सुधार हुआ है।
वहीं EU एग्रीकल्चर ने ट्वीट कर लिखा कि आज हमने भारत से एक नया जियोग्राफिकल इंडिकेशन रजिस्टर किया है। कांगड़ा चाय पश्चिमी हिमालय में धौलाधार पर्वत श्रृंखला की ढलानों पर समुद्र तल से 900-1400 मीटर ऊपर उगाई जाती हैं। इसका स्वाद काफी बेहतरीन होता है।
GI टैग को आसान भाषा में समझें
GI मुख्य रूप से एक निश्चित भौगोलिक क्षेत्र से उत्पन्न होने वाले कृषि, प्राकृतिक या निर्मित उत्पादों, हस्तशिल्प और औद्योगिक वस्तुओं के लिए दिया जाता है। इसके अलावा ये टैग इस वजह से दिया जाता है, ताकि प्रोडक्ट को लेकर उस भौगोलिक क्षेत्र को कानूनी अधिकार मिल सके। टैग मिलने से अब लोगों में कांगड़ा चाय को लेकर जागरुकता बढ़ेगी, जिससे साफतौर पर इसकी बिक्री में इजाफा होगा। इसके अलावा इस चाय को दूसरी जगहों पर भी किसान फायदे के लिए उगाएंगे।
क्या है कांगड़ा चाय की खासियत?
स्थानीय लोगों के मुताबिक ये चाय हरी और काली दोनों प्रकार की होती है। इसमें काली वाली का स्वाद मीठा होता है, जबकि हरी का स्वाद सुगंधित लकड़ी की तरह। कोरोना काल में तो कुछ एक्सपर्ट्स ने यहां तक दावा कर दिया था कि ये चाय वायरस से लड़ने में शरीर की मदद करती है। उस वक्त 'हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान' के एक सेमीनार में इस पर खूब चर्चा हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications