'कुत्ते की तरह भौंकती, टांग उठाती', जैसे बयानों पर भड़कीं कंगना रनौत, बाबा रामदेव पर बोलीं- 'हर मर्यादा लांघी'
Kangana Ranaut Controversy Explainer: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने 24 अगस्त को अपने खिलाफ हाल के महीनों में की गई टिप्पणियों पर खुलकर पलटवार किया। उन्होंने आशुतोष राणा, सोनू सूद, तापसी पन्नू और राखी सावंत का नाम लेते हुए कहा कि अगर इन लोगों ने उनके बराबर '1 प्रतिशत भी सफलता' हासिल नहीं की है तो वह उनकी सलाह नहीं सुनेंगी।
बाबा रामदेव को लेकर कंगना ने कहा कि उन्होंने 'हर मर्यादा लांघ दी।' लेकिन कंगना के इस बयान तक मामला पहुंचा कैसे? किसने पहले क्या कहा था और किस टिप्पणी के जवाब में कंगना ने किसे घेरा? आइए पूरी कड़ी समझते हैं...

विवाद की शुरुआत: कंगना ने Gen Z को 'गटर जनरेशन' कहा
जुलाई 2026 में कंगना रनौत की Gen Z और जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन को लेकर की गई टिप्पणियों से जुड़ी है। कंगना ने कुछ प्रदर्शनकारियों के व्यवहार और भाषा पर आपत्ति जताते हुए उन्हें 'Generation Gutter' कहा था। उन्होंने प्रदर्शन से जुड़े वीडियो का हवाला देते हुए युवाओं के व्यवहार और भाषा की आलोचना की थी। इसी टिप्पणी के बाद फिल्म जगत और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई लोगों ने कंगना के बयान पर सवाल उठाए।
Sonu Sood ने कहा- 'यह बहुत शर्मनाक है'
कंगना की 'GenZ गटरछाप' टिप्पणी पर एक्टर सोनू सूद ने जुलाई में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि युवाओं को सम्मान के साथ संबोधित किया जाना चाहिए और सार्वजनिक रूप से बोलते समय शब्दों का चुनाव सोच-समझकर करना चाहिए। सोनू ने कहा था कि 'अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो मुझे लगता है कि यह बहुत शर्मनाक है। ऐसा नहीं कहा जाना चाहिए था।' उन्होंने आगे कहा था कि बोलने से पहले शब्दों को तौलना जरूरी है। सोनू के मुताबिक, युवा ही कलाकारों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और इसलिए सभी को उन्हें साथ लेकर चलना चाहिए।
कंगना ने सोनू सूद को क्या जवाब दिया?
24 अगस्त को कंगना ने सोनू का नाम लेते हुए कहा कि वह उन्हें 'तमीज सीखने' की सलाह देते हैं। कंगना ने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि जिन लोगों ने उनके बराबर सफलता हासिल नहीं की, उनकी सलाह सुनने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। यानी सोनू का मूल मुद्दा युवाओं के प्रति भाषा और सम्मान था, जबकि कंगना ने इसे अपने खिलाफ व्यक्तिगत सलाह के तौर पर लिया और पलटवार किया।
Ashutosh Rana ने कंगना को लेकर क्या कहा था?
दरअसल, आशुतोष राणा ने कंगना की Gen Z वाली टिप्पणी के संदर्भ में सीधे उन्हें 'कुत्ते की तरह भौंकने वाली' कहने के बजाय इंसान की पहचान उसके शब्दों से होने की बात कही थी। उन्होंने प्रकृति के उदाहरण देते हुए कहा था कि अलग-अलग जीव अपनी आवाज से पहचाने जाते हैं और उसी तरह मनुष्य की पहचान उसके चुने हुए शब्दों से होती है।
कंगना Vs तापसी: 'सस्ती कॉपी' से परवरिश तक भड़का विवाद
कंगना और तापसी पन्नू के बीच विवाद कई साल पुराना है। हालिया मामला तब फिर चर्चा में आया जब तापसी से उनके और कंगना के मतभेदों को लेकर सवाल किया गया। तापसी ने कहा कि उन्होंने कंगना से कभी मुलाकात नहीं की और उनके बारे में उनकी राय उनकी अपनी परवरिश, बोलने के तरीके और चीजों को देखने के नजरिए को दर्शाती है। तापसी की टिप्पणी के बाद कंगना ने इंस्टाग्राम पर अब डिलीट की जा चुकी स्टोरी में बिना नाम लिए उन्हें 'सस्ती कॉपी' कहा। कंगना की पोस्ट डिलीट होने के बाद तापसी ने इंस्टाग्राम पर एक छोटा सा पोस्ट किया। उन्होंने बिना कंगना का नाम लिए लिखा-'Hence, proved'। इसके बाद अब, कंगना ने आरोप लगाया कि तापसी ने उनकी परवरिश और माता-पिता का मजाक उड़ाया।
बाबा रामदेव Vs कंगना: 'गटर जनरेशन' से 'हर मर्यादा लांघ दी' तक
कंगना और बाबा रामदेव के बीच विवाद कुछ अलग दिशा में बढ़ा। कंगना के Gen Z संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रामदेव ने उनकी योग्यता, बचपन और युवावस्था का जिक्र किया। रामदेव ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि 'उनका बचपन कैसा रहा है, उनकी जवानी कैसी रही है और उनके पहले के कारनामे कैसे रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि देश के युवाओं को 'गटर जनरेशन' कहना 'बिगड़े हुए दिमाग की निशानी' है और यह गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि कंगना की पार्टी के लोगों को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। यही वह टिप्पणी थी जिसे कंगना ने व्यक्तिगत और चरित्र से जुड़ा हमला माना।
रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर तीखा पलटवार किया था। उन्होंने रामदेव से कहा था कि वह उनकी जवानी या बेडरूम को लेकर 'खयाली पुलाव' न पकाएं और उन्हें चरित्र का पाठ न पढ़ाएं। कंगना ने अपने जवाब में रामदेव और पतंजलि से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के 2024 के मामले का भी जिक्र किया था। इसके बाद 24 अगस्त को कंगना ने एक बार फिर रामदेव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक महिला के बारे में जिस तरह की टिप्पणी की गई, उससे समाज शर्मसार हुआ है और रामदेव ने 'हर मर्यादा लांघ दी।'
कंगना का 24 अगस्त का '1 प्रतिशत' वाला पलटवार
अब 24 अगस्त को कंगना ने इन सभी विवादों को एक साथ जोड़ते हुए अपने आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर, किसी व्यक्ति ने उनके जीवन में हासिल की गई सफलता का 1 प्रतिशत भी हासिल नहीं किया है तो वह उसका ज्ञान नहीं सुनेंगी। कंगना ने कहा, 'पहले आप कंगना रनौत बनकर दिखाएं।' उन्होंने यह भी कहा कि वह केवल उनसे अधिक सफल और सम्मानित लोगों की सलाह सुनेंगी।


Click it and Unblock the Notifications
