30 की चाय, 600 की वेज-800 की नॉनवेज थाली, कंगना रनौत के कैफे की आज ओपनिंग, कस्टमर्स के लिए क्या है खास ऑफर
Kangana Ranaut Cafe: 14 फरवरी यानी वेलेंटाइन डे (Valentine's Day) पर बॉलीवुड एक्ट्रेस और मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत के कैफे (Kangana Ranaut Cafe) की ओपनिंग हो गई है। कंगना रनौत ने अपने नए कैफे 'द माउंटेन स्टोरी' की शुरूआत हिमाचल प्रदेश के मनाली में की है। कैफे की ओपनिंग के साथ ही कंगना ने बिजनेस की दुनिया में कदम रख दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैफे की ओपनिंग से ठीक पहले कंगना रनौत पारंपरिक कपड़े पहनकर मनाली के कार्तिक स्वामी मंदिर पहुंची, यहां पूजा-अर्चना की। वेलेंटाइन डे पर शुरू हुआ कंगना के कैफे 'द माउंटेन स्टोरी' में कस्टमर्स को वेज और नॉनवेज, दोनों तरह का खाना मिलेगा। साथ ही, कैफे में आने वाले कस्टमर्स के लिए विशेष ऑफर भी है।

30 की चाय..वेज-नॉनवेज थाली की इतनी होगी कीमत
खबर के मुताबिक, कंगना के कैफे में चाय के एक कप करीब 30 रुपए में मिलेगी। वहीं, वेज खाने की थाली 600 से 680 रुपए और नॉनवेज थाली 800 से 850 रुपए तक में मिलेगी। अगर थाली लेने वाला कस्टमर उसे खाने के बाद और खाना मांगता है तो उनसे कोई अतिरिक्त बिल नहीं लिया जाएगा। कस्टमर्स के लिए भरपेट खाने के लिए यह थाली बफे की तरह होगी।
माता-पिता के साथ पहुंचीं कंगना रनौत
'द माउंटेन स्टोरी' कैफे की ओपनिंग के लिए कंगना रनौत अपने पिता अमरदीप रनौत और माता आशा रनौत के साथ पहुंची। इस दौरान कंगना ने कैफे की ओपनिंग में विशेष मेहमान के तौर पर बुलाए गए गांव के बुजुर्गों को पहाड़ी थाली भी खिलाया। बता दें कि कंगना ने जो कैफे मनाली में बनाया है, वो पहाड़ी शैली पर आधारित है।
पारंपरिक वेशभूषा में नजर आएगा कैफे का स्टाफ
बता दें कि कंगना के कैफे 'द माउंटेन स्टोरी' में अंदर और बाहर बैठने की जगह है। साथ ही, कैफे का पूरा स्टाफ पारंपरिक हिमाचली व कुल्लवी वेशभूषा में नजर आएगा। कैफे में हर वैरायटी का खाना मिलेगा और हिमाचली की सबसे मशहूर डिश सिड्डू, कांगड़ी-मंड्याली धाम और लाहौल के मार्चू समेत इंटरनेशनल डिश भी मिलेंगी।
कैफे का कंगना ने शेयर किया था वीडियो
कंगना रनौत ने 05 फरवरी को अपने कैफे 'द माउंटेन स्टोरी' की झलक दिखाई थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, इसमें उनके कैफे की पहली झलक देखने के लिए मिली थी। वीडियो में कैफे का इंटीरियर, लकड़ी के फर्नीचर, हल्की रोशनी वाले झूमर और पारंपरिक हिमाचली डिजाइन दिखाई दे रहा है।
मेरा छोटा सा कैफे
वीडियो शेयर करते हुए कंगना रनौत ने लिखा था कि, 'बचपन का सपना साकार हुआ। हिमाचल की गोद में मेरा छोटा सा कैफे।' बता दें कि कंगना रनौत मूल रूप से सरकाघाट के भांबला की रहने वाली हैं। इसके अलावा कंगना ने मनाली में भी अपना घर बनाया है। यहां पर कंगना ने कैफे खोला है। वहीं, अब होटल भी खोलने जा रही हैं। हाल ही में उन्होंने यहां पर जमीन खरीदी थी।












Click it and Unblock the Notifications