Kamal Haasan Row: 'कन्नड़ भाषा तमिल से जन्मी' बयान पर बवाल तो एक्टर ने अब दी ये सफाई
Kamal Haasan Controversy: कमल हासन के कन्नड़ भाषा पर दिए बयान पर संग्राम शुरू हो गया है। अपनी फिल्म ठग लाइफ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने कन्नड़ फिल्मों के एक्टर शिवराजकुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि आपकी कन्नड़ भाषा तमिल से पैदा हुई है। उनके इस बयान पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। बयान पर विवाद के बाद भी एक्टर ने साफ कह दिया है कि मेरी कोई गलती नहीं है, न मैंने कुछ गलत कहा हैं। मैं इस पर माफी नहीं मांगने वाला।
बीजेपी ने इसे कर्नाटक और कन्नड़ भाषा का अपमान बताया है। कांग्रेस नेता और कर्नाटक के सीएम ने भी इस पर आपत्ति जताई। सिद्धारमैया ने कहा कि बेचारे कमल हासन को शायद कन्नड़ भाषा के इतिहास की जानकारी नहीं है। दूसरी ओर डीएमके ने इस विवाद को बीजेपी की उपज बताते हुए कहा कि अभिनेता के बयान को गलत तरीके से पेश कर बीजेपी राजनीति कर रही है।
Kamal Haasan के बयान पर क्यों हो रहा बवाल
दरअसल कमल हासन ठग लाइफ का प्रमोशन कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी स्पीच की शुरुआत, 'उइरे उरावे तमीज' से की थी। इस वाक्यांश का अर्थ होता है कि मेरा जीवन और मेरा परिवार तमिल भाषा है। इसके बाद उन्होंने कन्नड़ अभिनेता की ओर मुड़ते हुए कहा, 'आपकी भाषा कन्नड़ भी हमारी भाषा तमिल से पैदा हुई है। इसलिए मैंने कहा कि मेरा जीवन और परिवार मेरी तमिल भाषा है। इसलिए आप मेरे परिवार का हिस्सा हैं।'
'राजनेता भाषा के बारे में बात करने के लिए योग्य नहीं'
हालांकि आज कमल हासन ने अपनी सफाई पेश की और कहा कि 'मैंने जो कहा वह प्यार से कहा था और बहुत से इतिहासकारों ने मुझे भाषा का इतिहास पढ़ाया है। मेरा किसी को हर्ट करने का मतलब नहीं था। तमिलनाडु एक ऐसा राज्य है जहां मेनन हमारे मुख्यमंत्री रहे हैं, जहां रेड्डी हमारे मुख्यमंत्री रहे हैं,राजनेता भाषा के बारे में बात करने के लिए योग्य नहीं हैं जिसमें मैं भी शामिल हूं। आइए हम इन सभी चर्चाओं को इतिहासकारों, पुरातत्वविदों और भाषा विशेषज्ञों पर छोड़ देते हैं।' बता दें कि कमल हासन खुद भी निजी तौर पर तमिलनाडु में त्रिभाषा फॉर्मूले के विरोध में हैं।

कांग्रेस CM सिद्धारमैया भी हमलावर
कमल हासन को डीएमके ने 19 जून को राज्यसभा की 6 सीटों पर होने वाले चुनाव में अपना उम्मीदवार भी घोषित किया है और उनका राज्यसभा जाना तय माना जा रहा है। कमल हासन राहुल गांधी के करीबी लोगों में हैं, लेकिन उनके कन्नड़ भाषा पर दिए बयान से कांग्रेस नेता भी खफा हैं। कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा, 'कमल हासन को कन्नड़ भाषा के समृद्ध इतिहास की जानकारी नहीं है। ऐसा बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है। हम सभी भाषाओं के सम्मान में यकीन रखते हैं।'
यह भी पढ़ें: Parliament Budget Session: डीएमके सांसद पहनकर आए नारेबाजी वाली टी-शर्ट, नहीं चल सकी संसद की कार्यवाही
बीजेपी ने दर्ज की आपत्ति, बताया कन्नड़ भाषा का अपमान
बीजेपी ने कमल हासन के बयान पर आपत्ति जताते हुए माफी मांगने की मांग की है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने अभिनेता के व्यवहार की तीखी आलोचना करते हुए कहा, 'अपनी भाषा से प्रेम करना चाहिए। इसके लिए किसी दूसरी भाषा के प्रतिन अनादर दिखाना अशिष्ट व्यवहार है। यह पूरे कर्नाटक और कन्नड़ भाषियों का अपमान है। अभिनेता कमल हासन को अपने व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए।' कन्नड़ समर्थक समूहों ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उनकी फिल्म के प्रमोशन और रिलीज पर रोक लगाने की धमकी दी है।
यह भी पढ़ें: क्या अन्नामलाई और कमल हासन बनेंगे सांसद? जानिए राज्यसभा चुनाव में असम-तमिलनाडु की 8 सीटों का सियासी गणित
DMK ने विवाद को बताया बीजेपी की दिमागी उपज
दूसरी ओर डीएमके ने कमल हासन के बयान पर विवाद को बीजेपी की राजनीति करार दिया है। डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलनगोवन ने इस विवाद पर कहा, 'जिस भी मुद्दे में बीजेपी घुसती है वहां कुछ न कुछ विवाद जरूर शुरू कर देती है। कमल हासन ने ऐतिहासिक संदर्भ में कोई बात कही होगी और उसका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं है। उसे आधार बनाकर इसे कन्नड़ भाषा का अपमान बताना बिल्कुल गलत है।'












Click it and Unblock the Notifications