Kal Ka Mausam: दिल्ली में आसमान उगलेगा आग, पारा जा सकता है 50 डिग्री, राजस्थान में Red Alert, कब होगी बारिश?
Kal Ka Mausam: देशभर में मौसम का उलटफेर जारी है, दिल्ली में जहां आसमान से आग के शोले बरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दक्षिण में बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने 11 जून के लिए जो अपडेट जारी किया है, उसे देखने के बाद हर किसी की पेशानी पर बल चढ़ जाएगा। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली समेत उत्तर भारत में बुधवार का दिन गर्मी के लिहाज से बहुत ज्यादा भारी पड़ने वाला है।
दिल्ली में पारा छू सकता है 50 डिग्री सेल्सियस
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली में भीषण गर्मी की आशंका व्यक्त की हैा। पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है तो वहीं 'लू' चलने की भी आशंका है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक सभी प्रमुख मौसम केंद्रों पर तापमान काफी अधिक रहा, यहां उस वक्त अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
12 जून की रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा
हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि 12 जून की रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और बारिश होने के आसार हैं, जिससे तपन और उमस दोनों ही कम होगी।

क्यों बढ़ रहा है तापमान? IMD ने दिया ये जवाब (Kal Ka Mausam)
देश भर में बढ़ते तापमान पर, IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि ' पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत में बारिश नहीं हुई है, जिसकी वजह से तापमान काफी बढ़ गया है। यही नहीं उत्तर-पश्चिम भारत में एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके कारण अधिकांश इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है।
राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी (Kal Ka Mausam)
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और राजस्थान में 'हीटवेव' की स्थिति बनी हुई है। हमने इन अत्यधिक तापमानों के कारण राजस्थान के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। अगले तीन दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की उम्मीद है, जबकि पंजाब और हरियाणा के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में न केवल दिन में तेज गर्मी पड़ रही है, बल्कि रात में भी असामान्य रूप से तापमान उच्च है।
कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल में होगी बारिश (Kal Ka Mausam)
जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के लिए भी आने वाले तीन दिन थोड़ा गर्मी से भरे रहेंगे, इसलिए यहां पर अलर्ट जारी किया है। फिलहाल जहां नॉर्थ में गर्मी का ये हाल है वहीं दूसरी और साउथ में बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल में अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है तो वहीं सिक्किम, ओडिशा, झारखंड में हल्की बरसात संभव है।












Click it and Unblock the Notifications