अन्नामलाई को BJP में मिलने जा रहा है बड़ा पद, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद होगा ऐलान, पार्टी में होगा बदलाव!
Annamalai BJP News: तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई जल्द ही पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बनाए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह घोषणा पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के बाद की जाएगी, जो अगले महीने होने की संभावना है। हालांकि इसके बारे में जब 40 वर्षीय पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई से पूछा गया तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि अप्रैल में जब अन्नामलाई ने AIADMK और BJP गठबंधन को सहज बनाने के लिए राज्य अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था, तब उन्हें यह आश्वासन मिला था कि उन्हें पार्टी में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दी जाएगी। उनके स्थान पर विधायक नैनार नागेन्द्रन को तमिलनाडु BJP का नया अध्यक्ष बनाया गया।

न्यू इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, ''अगले महीने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के बाद इसकी अन्नामलाई को लेकर बड़ी घोषणा की जाएगी।''
🔴 अन्नामलाई को क्यों दी जा सकती है BJP में अहम जिम्मेदारी?
हालांकि BJP को 2024 के लोकसभा चुनावों में तमिलनाडु से एक भी सीट नहीं मिली, लेकिन अन्नामलाई के नेतृत्व में पार्टी का वोट शेयर 3% से बढ़कर 11% पहुंच गया। और यह बिना DMK या AIADMK के साथ गठबंधन किए हुआ, जो पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
गृह मंत्री अमित शाह पहले भी कई बार संकेत दे चुके हैं कि अन्नामलाई को राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका सौंपी जाएगी। उनके इस्तीफे के ठीक एक दिन बाद उन्हें BJP की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाया गया था।
हाल ही में तमिलनाडु BJP के उपाध्यक्ष नारायणन तिरुपाठी ने इशारों में कहा कि पार्टी अन्नामलाई को उपयुक्त पद देने पर विचार कर रही है और राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के बाद की जाएगी।
🔴 अन्नामलाई: एक कर्मठ कार्यकर्ता की छवि
इन दिनों अन्नामलाई लो प्रोफाइल बनाए हुए हैं। उन्होंने हाल ही में AIADMK नेता ई. पलानीस्वामी के उस बयान का विरोध किया था जिसमें कहा गया था कि AIADMK 2026 में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
अन्नामलाई ने मीडिया से कहा कि वे अगस्त से अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखेंगे। अभी वे खुद को केवल एक BJP कार्यकर्ता के रूप में पेश कर रहे हैं और पश्चिमी तमिलनाडु में अपने प्रभाव क्षेत्र में सीमित पार्टी बैठकों में ही भाग ले रहे हैं।
गौरतलब है कि अन्नामलाई का संबंध तमिलनाडु की प्रमुख ओबीसी जाति गौंडर समुदाय से है, जो पार्टी के लिए एक सामाजिक और चुनावी समीकरण को मजबूत कर सकता है।
🔵 Who is K. Annamalai: कौन के. अन्नामलाई?
- के. अन्नामलाई का पूरा नाम कुप्पुसामी अन्नामलाई है, ये भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता हैं और एक पूर्व भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी रह चुके हैं।
- के. अन्नामलाई ने 2007 में PSG कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी, कोयंबटूर (तमिलनाडु) से बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री ली है। उसके बाद 2010 में IIM लखनऊ से पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) की पढ़ाई पूरी की।
🔵 अन्नामलाई का IPS अधिकारी के रूप में करियर
- अन्नामलाई 2011 बैच के IPS अधिकारी थे और उन्होंने कर्नाटक के उडुपी, चिकमंगलूर और बेंगलुरु में सेवा दी। अपने कड़े और प्रभावशाली कामकाज की वजह से उन्हें "कर्नाटक पुलिस का सिंघम" कहा गया।
- सितंबर 2019 में, अन्नामलाई पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया और अपने गांव (करूर जिले, तमिलनाडु) लौटकर जैविक खेती (ऑर्गेनिक फार्मिंग) करने लगे।
🔵 अन्नामलाई पुलिस सेवाओं का सफर
- 2011: LBSNAA, मसूरी से प्रशिक्षण
- 2011-2013: सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में ट्रेनिंग
- 2013-2014: कर्कला (कर्नाटक) में सहायक पुलिस अधीक्षक
- 2015-2016: उडुपी (कर्नाटक) में पुलिस अधीक्षक
- 2016-2018: चिकमंगलूर में पुलिस अधीक्षक
- 2018-2019: दक्षिण बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त
🔵 अन्नामलाई विवाद
जब 2019 में अन्नामलाई ने BJP में शामिल होने का ऐलान किया, तो DMK के कुछ नेताओं ने उन पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी IPS सेवा के दौरान BJP सरकार के प्रभाव का इस्तेमाल किया। अन्नामलाई ने इसका जवाब सोशल मीडिया के जरिए दिया और कहा कि उन्हें UPA सरकार के कार्यकाल में IPS में नियुक्त किया गया था, न कि BJP सरकार के समय।
🔵 अन्नामलाई राजनीतिक सफर
IPS से इस्तीफा देने के बाद अन्नामलाई करूर जिले में खेती करने लगे। इस दौरान, उन्हें अभिनेता रजनीकांत की पार्टी में मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन पार्टी लॉन्च नहीं हो सकी। इसके बाद 25 अगस्त 2020 को BJP में शामिल हुए। 10 महीने में उन्हें तमिलनाडु BJP का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया।
अन्नामलाई 2021 विधानसभा चुनाव में अरवाकुरीची सीट से चुनाव लड़े लेकिन DMK के एन.आर. इलंगो से हार गए। उन्होंने 'एन मन्न, एन मक्कल' यात्रा के जरिए तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों तक पार्टी का प्रचार किया।
अन्नामलाई ने कोयंबटूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन DMK के गणपति राजकुमार से करीब 17,800 वोटों से हार गए। हार स्वीकार करते हुए अन्नामलाई ने जनता का धन्यवाद दिया और कहा कि BJP अब "आपका प्यार जीतने के लिए दोगुनी मेहनत" करेगी।












Click it and Unblock the Notifications