शीना मर्डर केस: इंद्राणी और पीटर समेत तीन की न्यायिक हिरासत बढ़ी
मुंबई। शीना बोरा मर्डर केस की सुनवाई कर रही विशेष सीबीआई अदालत ने मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी, पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना की न्यायिक हिरासत 13 सिंतबर तक के लिए बढ़ा दी है। पिछली सुनवाई में भी कोर्ट ने उनकी हिरासत की समय सीमा बढ़ा दी थी।

मामले की जांच कर रही सीबीआई ने ताजा सबूतों को कोर्ट में पेश किया है। इसमें इंद्राणी, पीटर और उनके बेटे राहुल के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी शामिल है. सीबीआई ने ऐसे सात टेप कोर्ट में पेश किए हैं। ऑडियो टेप में राहुल ने पीटर से पूछा, 'मुझे नहीं जानना कि वह (शीना) कहां है, मैं जानना चाहता हूं कि वह ठीक है या नहीं?' इसके जवाब में पीटर ने राहुल को शीना को भूलने के लिए कहा।
साल 2012 में हुई थी हत्या
बता दें कि शीना 24 अप्रैल 2012 से लापता थी। मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने 25 अगस्त 2015 रो उसकी मां इंद्राणी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। बाद में इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना, ड्राइवर श्यामवर राय और पीटर मुखर्जी को भी गिरफ्तार कर लिया. ड्राइवर बाद में सरकारी गवाह बन गया।
ड्राइवर ने किए अहम खुलासे
इस मामले में ड्राइवर श्यामवर राय ने अहम खुलासे करते हुए बताया कि इंद्राणी ने ही शीना का कत्ल किया है उसने कहा, 'इंद्राणी ने शीना को मारा और जला दिया। इस काम में उसका पूर्व पति संजीव खन्ना भी शामिल था। बाद में उन लोगों ने लाश को खुद ही ठिकाने भी लगाया। जिसके कंकाल बाद में पुलिस को मिले।'
इस मामले में सीबीआई ने कहा कि जो भी टेप टीवी चैनलों में आ रहे हैं, वो पहले ही कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं। सीबीआई ने सारे टेप सुने और जिनमें अहम सबूत थे वो कोर्ट में पेश किए। जांच एजेंसी ने कहा कि ये टेप पीटर मुखर्जी और अन्य आरोपियों के खिलाफ मजबूत सबूत हैं।












Click it and Unblock the Notifications