विपक्षी नेताओं के साथ राष्ट्रपति से मिले राहुल गांधी, जस्टिस लोया केस में SIT जांच की मांग
राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति को सौंपे ज्ञापन पर करीब 115 सांसदों और 15 राजनीतिक दलों ने हस्ताक्षर किए हैं। कई सांसदों को शक है क्योंकि जज लोया की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई
नई दिल्ली। सीबीआई जज बीएच लोया की मौत मामले की निष्पक्ष जांच की मांग लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी नेताओं के एक दल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। विपक्षी नेताओं ने इससे संबंधित एक ज्ञापन भी राष्ट्रपति को सौंपा। विपक्ष की मांग है कि इस मामले की जांच मौजूदा सुप्रीम कोर्ट के जज की अगुआई में एसआईटी से कराई जाए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, पी चिदंबरम, सीपीएम के डी राजा, टीएमसी के इदरिश अली, मनीष गुप्ता, संजय सिंह और बजरुद्दीन अजमल जज लोया मौत की जांच से जुड़ा ज्ञापन सौंपने शुक्रवार की शाम राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे।

राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति को सौंपे ज्ञापन पर करीब 115 सांसदों और 15 राजनीतिक दलों ने हस्ताक्षर किए हैं। कई सांसदों को शक है क्योंकि जज लोया की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई। वहीं कपिल सिब्बल ने कहा कि उन्हें सीबीआई पर भरोसा नहीं है, इसलिए एसआईटी जांच की मांग की गई है। विपक्षी पार्टियां जज लोया की मौत पर पहले ही निष्पक्ष जांच की मांग कर चुकी हैं। आपको बता दें सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अगुआई वाली बेंच कर रही है।
क्या है जस्टिस लोया की मौत का मामला?
सीबीआई के स्पेशल जज बीएच लोया की मौत 1 दिसंबर 2014 को नागपुर में हुई थी। तब वे अपने कलीग की बेटी की शादी में जा रहे थे। बताया जाता है कि लोया को दिल का दौरा पड़ा था।
पिछले साल नवंबर में लोया की मौत के हालात पर उनकी बहन ने शक जाहिर किया। इसके तार सोहराबुद्दीन एनकाउंटर से जोड़े गए। इसके बाद यह केस मीडिया की सुर्खियां बना। दावा है कि परिवार को 100 करोड़ रुपए की रिश्वत देने की कोशिश की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications