Punjab Weather Today: पंजाब में कब मिलेगी गर्मी से राहत? 11 जून तक सूखा रहेगा मौसम, कब दस्तक देगा मानसून
Punjab Weather Today: पंजाब और इसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह ड्राई रहने की भविष्यवाणी की है।
इस दौरान दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी, जिससे कई जिलों में गंभीर लू की स्थिति बन सकती है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि जून के मध्य में मौसम करवट बदलेगा, जिससे प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत होगी और लोगों को चिलचिलाती धूप से निजात मिलेगी।
अगले 5 दिनों में 4 से 5 डिग्री बढ़ेगा पारा,लू का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक- 7 जून से 10 जून के बीच क्षेत्र में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी देखी जाएगी। मौसम विभाग ने 8 जून से 11 जून के बीच पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में लू (Heatwave) चलने का अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाकों में हीटवेव तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाता है, या फिर वास्तविक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच जाता है।
बीते 24 घंटे में बठिंडा सबसे गर्म, एसबीएस नगर में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के कुछ हिस्सों में हुई छिटपुट बारिश के कारण लोगों को गर्मी से मामूली राहत जरूर मिली थी। इस बारिश की वजह से राज्य के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री नीचे पहुंच गया था। पिछले 24 घंटों में पंजाब का बठिंडा सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
11 जून से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की एंट्री, आंधी-बारिश का अनुमान
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है। निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 11 जून के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) इस क्षेत्र में दस्तक दे सकता है।
इसके प्रभाव के कारण 11 और 12 जून को पंजाब के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
कब दस्तक देगा मानसून?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 11 जून से शुरू होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के बाद जून के मध्य से राज्य में प्री-मानसून (Pre-Monsoon) पूरी तरह सक्रिय हो सकती हैं। जून के दूसरे और तीसरे हफ्ते के बीच पंजाब के अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ झमाझम बारिश होने की उम्मीद है। यह प्री-मानसून बारिश राज्य में मुख्य मानसून के आगमन का रास्ता साफ करेगी, जिससे किसानों को भी धान की बुआई के लिए काफी मदद मिलेगी।














Click it and Unblock the Notifications