Waqf Board: 'केंद्र वक्फ बोर्ड को नियंत्रित नहीं करना चाहती, बल्कि...', जेपी नड्डा ने साफ किया पार्टी का रुख
Waqf Board: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने वक्फ बोर्ड (Waqf Board) पर केंद्र सरकार के रुख को स्पष्ट किया। जेपी नड्डा ने कहा, 'केंद्र सरकार वक्फ बोर्ड को नियंत्रण (कंट्रोल) नहीं करना चाहती। बल्कि ये सुनिश्चित करना चाहती है कि वे कानून के दायरे में रहकर काम करें, ताकि उनकी संपत्ति का इस्तेमाल मुस्लिम समुदाय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार को बढ़ावा देने में किया जा सके।'
पीटीआई की खबर के मुताबिक, पार्टी के 45वें स्थापना दिवस पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार 06 अप्रैल को भाजपा मुख्यालय पहुंचे। पार्टी ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते नड्डा ने कहा कि तुर्की और कई अन्य मुस्लिम देशों की सरकारों ने वक्फ संपत्तियों को अपने नियंत्रण में ले लिया है। उन्होंने आगे कहा कि 'हम वक्फ बोर्ड का संचालन कर रहे हैं लोगों से बस यह कह रहे हैं कि वे इसे नियमों के अनुसार करें।'

आपको इसे नियमों के अनुसार करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि हम वक्फ बोर्ड को नियंत्रित करना नहीं चाहते हैं। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि इसका प्रबंधन करने वाले लोग कानून के दायरे में काम करें और स्थापित नियमों का पालन करें। वक्फ बोर्ड की संपत्ति और धन मुस्लिम समुदाय के लिए शिक्षा को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए समर्पित होना चाहिए।
बता दें कि अपने संबोधन से पहले जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में भाजपा का झंडा फहराया। इस अवसर पर सांसद और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 1951 में भारतीय जनसंघ के साथ शुरू हुई भाजपा की राजनीतिक यात्रा पर पुनर्विचार करते हुए आज यह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। इतना ही नहीं, कई राज्यों में सत्ता में है।
वहीं, कांग्रेस को अपने "वैचारिक कमजोरी" के कारण आज पतन का सामना करना पड़ा रहा है। नड्डा ने भाजपा की सफलता का श्रेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, अटल बिहार वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे पार्टी के दिग्गजों को दिया। इस दौरान नड्डा ने कहा कि आज हमारे पास लोकसभा में 240 सदस्य, राज्यसभा में 98 सदस्य और देश भर में 1,600 से अधिक विधायक हैं। पार्टी ने हाल ही में एक सदस्यता अभियान पूरा किया, जिसमें 13.5 करोड़ से अधिक सदस्य और 10 लाख से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए।
नड्डा ने भाजपा शासन के दौरान अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को एक उपलब्धि के रूप में बताया। शाह बानो मामले में कांग्रेस द्वारा तुष्टिकरण की राजनीति की आलोचना करते हुए, उन्होंने तीन तलाक को खत्म करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। इस दौरान पाकिस्तान में धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे लोगों को नागरिकता अधिकार प्रदान करने के लिए मोदी सरकार के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
ये भी पढ़ें: Waqf Bill: वक्फ संशोधन विधेयक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी मंजूरी, अब पूरे देश में लागू होगा नया कानून












Click it and Unblock the Notifications