कश्मीर में बीजेपी नेताओं की हत्या पर बोले जेपी नड्डा- 'व्यर्थ नहीं जाएगा बलिदान'
नई दिल्ली: कश्मीर घाटी में आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना का ऑपरेशन लगातार जारी है, जिसमें कई बड़े आतंकी कमांडर मारे गए हैं। जिससे बौखलाए आतंकी संगठन अब आम जनता और राजनीतिक दलों को निशाना बना रहे हैं। गुरुवार को घाटी में आतंकियों ने बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव समेत 3 नेताओं की हत्या कर दी। इस घटना की बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी निंदा की है। साथ ही हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

Recommended Video
बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने ट्वीट कर लिखा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना हमले में आतंकवादियों ने जिला बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव फिदा हुसैन समेत 3 नेताओं की हत्या कर दी। ऐसे राष्ट्रभक्तों का जाना देश के लिये बड़ी क्षति है। पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ है। ये बलिदान व्यर्थ नहीं जाएंगे। परिवार के प्रति मेरी संवेदना है।
नड्डा के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी ने भी घटना की निंदा की है। उन्होंने गुरुवार देर रात ट्वीट कर कहा कि हमारे तीन युवा कार्यकर्ताओं की हत्या की मैं निंदा करता हूं। वे जम्मू और कश्मीर में अच्छा काम कर रहे थे। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
दरअसल कुलगाम में बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव फिदा हुसैन अपने दो साथियों उमर रमजान और हारून बेग के साथ घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे आतंकियों ने वाईके पोरा इलाके के पास उनकी कार पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। इससे पहले 7 अक्टूबर को गांदरबल में आतंकियों ने बीजेपी नेता गुलाम कादिर के घर हमला किया था। उस हमले में कादिर तो बच गए थे लेकिन उनके पीएसओ की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications