ओडिशा में PMAY और चावल पर JP Nadda के चौंकाने वाले दावे, बीजद ने उठाए गंभीर सवाल
भाजपा प्रमुख JP Nadda ने केंद्र सरकार की चावल वितरण योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) पर चौंकाने वाले दावे किए हैं। ओडिशा में केंद्रीय योजनाओं से जुड़े नड्डा के दावे पर सत्तारुढ़ बीजू जनता दल (BJD) ने सवाल खड़े किए हैं।
सत्तारूढ़ बीजद ने भवानीपटना रैली में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के खिलाफ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। बीजद ने कहा, ओडिशा के 4.5 करोड़ लोग उन्हें प्यार करते हैं। पिछले 23 वर्षों से जनता ने लगातार पांच बार चुनकर बीजद को आशीर्वाद दिया है।

बीजेडी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सस्मित पात्रा ने कहा कि नड्डा का भाषण ओडिशा के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए था। उन्होंने कहा, बीजेपी पिछले साल उपचुनाव और जिला परिषद चुनावों में लगातार हार से निराश हो चुकी है।
पात्रा ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के बारे में भाजपा अध्यक्ष के भाषण का जिक्र कर कहा, उन्हें स्पष्ट करना चाहिए था कि केंद्र इस योजना के तहत प्रति परिवार 5 किलो चावल कब देना शुरू करेगा?
उन्होंने कहा कि केंद्र ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) में विलय कर इस योजना के तहत चावल देना बंद कर दिया है। पात्रा ने पूछा, ''नड्डा को यह भी बताना चाहिए था कि केंद्र ने राज्य के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत सात लाख घरों को रोकने की साजिश क्यों रची?''
पात्रा ने बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना के बारे में नड्डा को जानकारी नहीं देने के लिए राज्य के भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अगर उन्होंने ऐसा किया होता तो नड्डा ने इस योजना की सराहना की होती।'' इसके तहत एक महिला 10 लाख रुपये तक का लाभ उठा सकती है।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शरत पटनायक ने कहा कि नड्डा के दौरे या भाषण का ओडिशा या कांग्रेस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीता। अब छत्तीसगढ़, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आगामी चुनाव भी जीतेगी।












Click it and Unblock the Notifications