जेएनयू के दिव्यांग छात्र ने बयां किया हमले का खौफनाक मंजर- मैं नेत्रहीन होने की बात कह चिल्लाता रहा, वो मारते रहे
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय कैंपस में रविवार शाम नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया था। इसमें काफी छात्रों और शिक्षकों को चोटें लगी हैं। इन गुंडों के निशाने पर खासतौर से साबरमती होस्टल था। जहां इन्होंने काफी आतंक मचाया। इस होस्टल के एक नेत्रहीन छात्र को भी बुरी तरह से पीटा गया। जेएनयू के साबरमती हॉस्टल में रहने वाले नेत्रहीन छात्र सूर्य प्रकाश ने जो बताया है वो दिल दहलाने वाला है।

'दरवाजा खुलते ही मुझपर डंडे बरसने लगे'
सूर्य प्रकाश बतातें हैं, रविवार शाम करीब पौने सात बजे का समय था। मैं अपने कमरे में बैठा था तभी बाहर से गाली-गलौच और चिल्लाने की आवाजें मैंने सुनी। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता कई लोग मेरे कमरे में दरवाजा तोड़ते हुए घुस गए। उन्होंने कमरे में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मुझे डंडों से मारना शुरू कर दिया। उनसे शराब की बदबू आ रही थी। मैं चिल्लाया कि मैं देख भी नहीं सकता हूं, मुझे क्यों मार रहे हो। मेरे चिल्लाने पर उनमें से एक ने गाली देकर कहा, झूठ बोलता है, इसे मारो। फिर शायद उन्हीं में से किसी ने कहा कि ये अंधा है और मुझे गिरा हुआ छोड़ आगे बढ़ गए।

'अस्पताल में कॉल आया, मीडिया से बात नहीं करोगे तो सुरक्षित रहोगे'
सूर्य प्रकाश बताते हैं, मुझे काफी चोटें लगीं। मेरी हालत देख साथी छात्रों मुझे एम्स लाए और भर्ती कराया। वह कहते हैं, रात में ही मुझे कुछ कॉल आए, मुझसे कहा गया कि तुझे नहीं पीटना था गलती से पीटा गया। अच्छा होगा कि तू चुप रहे। मुझे चुप रहने के लिए धमकियां दी जा रही हैं। मुझे डर लग रहा है। मुझे उम्मीद है कि प्रशासन हमारी मदद करेगा।

रविवार शाम हुआ था कैंपस में हमला
दिल्ली स्थित जेएनयू के कैंपस में 50-60 नकाबपोश बदमाशों डंडो और लोहे की रॉड लेकर रविवार शाम हमला कर दिया था। इस हमले में 34 छात्र और शिक्षक घायल हुए हैं। जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष आइशी घोष को भी हमले में काफी चोटें आई हैं, उनके सिर में कई जगह टांके हैं और एक हाथ में फ्रेक्टर है। एक महिला शिक्षक का भी सिर फटा है।

19 लोगों के खिलाफ एफआईआर
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में बीते रविवार देर रात हुई हिंसा मामले में पुलिस ने जेएनयू छात्रसंघ की अध्यक्ष आईशी घोष सहित 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ये रिपोर्ट चार जनवरी को जेएनयू के सर्वर रूम में तोड़फोड़ और सुरक्षा गार्डों पर हमला करने के आरोप में दर्ज की गई है। जेएनयू प्रशासन की शिकायत पर छात्रसंघ अध्यक्ष आईशी घोष और अन्य छात्रों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications