'जीतन मांझी फूहड़ हो सकता है परंतु नीतीश तो बिहार के चाणक्य हैं'
हाजीपुर। एक बार फिर से बिहार के सीएम जीतन राम मांझी अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। शुक्रवार को बिहार के हाजीपुर में सीएम जीतन राम मांझी ने कहा कि "मैं फुहड़ जरूर हूं लेकिन समझता सब कुछ हूं।" मुझे पता है कि कुछ लोग मेरे और मेरे पथ-प्रदर्शक नीतीश कुमार के बीच में दरार पैदा कर रहे है लेकिन वो लोग ऐसा कर पाने में सफल नहीं हो पायेंगे।
पूर्व सीएम नीतीश कुमार के कसीदे पढ़ते हुए सीएम जीतन राम मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के चाणक्य और गंभीर नेता हैं। वे नीतीश के ही मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। मेरे और नीतीश के बीच मतभेद को लेकर लोग सवाल पूछते हैं परंतु नीतीश गंभीर एवं सूझबूझ वाले नेता हैं तथा बिहार के चाणक्य हैं। उन्होंने आगे कहा, जीतन मांझी फूहड़ हो सकता है परंतु नीतीश गंभीर हैं और प्रत्येक सवाल का जवाब नहीं देते।"
विरोधियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके और नीतीश के बीच दरार पैदा करना चाह रहे हैं और इस मुद्दे पर सियासत कर रहे हैं परंतु इसका कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं है।
नीतीश बिहार के 'चाणक्य' हैं : मांझी
उन्होंने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केन्द्र प्रायोजित योजनाओं में बिहार के साथ भेदभाव बरता जा रहा है। उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग भी केन्द्र सरकार से की।
आपको बता दें कि लगातार अपने विवादित बयानों की वजह से सवालों के घेरे में घिरे बिहार के सीएम जीतन राम मांझी के बारे में खबर आ रही है कि उनकी इन हरकतों के कारण नीतीश कुमार काफी नाराज चल रहे हैं और पार्टी में मांझी को लेकर चल रहे विद्रोह की वजह से अब मांझी की सीएम कुर्सी मुश्किल में आ गई है।













Click it and Unblock the Notifications