Jharkhand Election Result: इस सीट पर एक ही परिवार की दो बहुओं के बीच मुकाबला, जानिए कौन आगे
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 (Jharkhand Election Result 2019) की मतगणना जारी है। इस बीच लोगों की नजर धनबाद की झरिया सीट पर बनी हुई है। इस सीट से एक ही परिवार की दो बहुएं चुनाव लड़ रही हैं। जहां मेंशन परिवार की बहू रागिनी सिंह बीजेपी से हैं, वहीं रघुकुल परिवार की बहू पुर्णिमा कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। अभी तक के रुझानों के अनुसार, पूर्णिमा को 58,390 मत मिले हैं, जबकि रागिनी को 51,995 मत मिले हैं। दोनों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है।

फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर से कनेक्शन
बता दें फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में रामाधीर सिंह का किरदार इसी मेंशन परिवार के मुखिया सूर्यदेव सिंह से प्रेरित था। हालांकि वासेपुर अलग विधानसभा क्षेत्र में आता है। सीट पर मेंशन परिवार बनाम रघुकुल परिवार के बीच मुकाबला चल रहा है। इससे पहले 2014 के विधानसभा चुनाव में यहां से बीजेपी के टिकट पर संजीव सिंह और कांग्रेस के टिकट पर नीरज सिंह ने चुनाव लड़ा था। जिसमें नीरज सिंह को हार मिली थी।

नीरज सिंह की पत्नी हैं पूर्णिमा
फिर साल 2017 में नीरज सिंह की हत्या हो गई थी। जिसके बाद इस हत्या का आरोप संजीव सिंह पर लगा, जो फिलहाल जेल में बंद हैं। यही वजह है कि बीजेपी ने इस बार संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस की पूर्णिमा सिंह से हो रहा है, जो नीरज सिंह की पत्नी हैं। इससे दोनों परिवारों के बीच एक बार फिर सियासी जंग शुरू हो गई है।

मेंशन परिवार से हैं रागिनी
इन दोनों बहुओं के बीच मुकाबले से एक बार फिर दोनों परिवार सियासत के मैदान में एक दूसरे के सामने खड़े हैं। जहां सिंह मेंशन को संजीव सिंह के पिता सूर्यदेव सिंह ने बनवाया था। वहीं रघुकुल को सूर्यदेव सिंह के छोटे भाई राजन सिंह के बेटों ने बनवाया था। इन दोनों ही परिवारों को बड़ा कोयला व्यापारी माना जाता है। जानकारी के मुताबिक शुरुआत में परिवार के मुखिया सूर्यदेव सिंह ही थे। उनके चार भाई- राजन सिंह, बच्चा सिंह, विक्रम सिंह और रामाधीर सिंह हैं।

नीरज समेत 4 लोगों की मौत हो गई थी
जिनमें से सूर्यदेव सिंह, राजन सिंह की मौत हो चुकी हैं। बच्चा सिंह झारखंड सरकार में मंत्री रहे हैं। रामाधीर सिंह उम्रकैद की सजा काट रहे हैं और विक्रम सिंह बलिया में ही रहते हैं। हालांकि सूर्यदेव सिंह की मौत के बाद परिवार बिखरता चला गया। नीरज सिंह की अगर बात करें तो 21 मार्च 2017 में उनकी हत्या कर दी गई थी। भाड़े के शूटरों ने उनकी गाड़ी पर हमला किया था, जिसमें नीरज समेत 4 लोगों की मौत हो गई थी।

नीरज को 25 गोलियां लगी थीं
कहा जाता है कि उनकी गाड़ी पर कुल 67 गोलियां फायर की गई थीं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो नीरज को इनमें से 25 गोलियां लगी थीं। उनकी हत्या का आरोप झरिया बीजेपी विधायक संजीव सिंह पर आया था। हत्याकांड के इस आरोप में संजीव सिंह 11 अप्रैल 2017 से धनबाद जेल में बंद हैं।












Click it and Unblock the Notifications