जदयू नेता अजय आलोक बोले- दिमागी संतुलन खो चुके हैं प्रशांत किशोर
नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड नेता अजय आलोक ने कहा है कि प्रशांत किशोर का दिमागी संतुलन बिगड़ गया है। अजय आलोक ने कहा कि जिस तरह की बातें प्रशांत कर रहे हैं, वो उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं होने का संकेत है। एक तरफ वो कहते हैं कि नीतीश कुमार उनके पिता की तरह हैं और वहीं दूसरी तरफ उनके लिए बेहद हल्की बातें भी करते हैं। साफ है जब कोई मानसिक रूप से अस्थिर हो जाता है तब ऐसी बात करता है।

जेडीयू के उपाध्यक्ष पद से हटाने और पार्टी से बाहर निकालने के बाद मंगलवार को पटना में प्रशांत किशोर ने प्रेस कांफ्रेंस कर नीतीश कुमार पर कई हमले किए। जिसके बाद जेडीयू की ओर से जवाब आया है। अजय आलोक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत की ओर से कही गई बातों का जवाब देते हुए कहा, आज प्रशांत किशोर भाजपा-जेडीयू गठबंधन पर कह रहे हैं कि गांधी-गोडसे साथ नहीं चल सकते। प्रशांत को गोडसे की याद तब नहीं आई जब उन्होंने 2012 में गुजरात में नरेंद्र मोदी और 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनाने के लिए उनके साथ काम किया।
Recommended Video
वहीं जेडीयू के सीनियर नेता केसी त्यागी ने प्रशांत किशोर के बयान पर कहा, वह राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं है, ना ही अब उनका पार्टी से कोई संबंध है। इसलिए उनके वक्तव्य को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। मुझे बहुत खुशी होगी कि वह नीतीश कुमार और जदयू से मुकाबले के लिए एक राजनीतिक पार्टी बनाएं और बिहारियों के संगठित करें।
मंगलवार को पटना में प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। उन्होंने नीतीश को भाजपा का पिछलग्गू बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार गोडसे की विचारधारा मानने वालों के साथ हैं।
प्रशांत ने कहा, आज भी सबसे ज्यादा गरीब लोग बिहार में ही है। नीतीश कुमार मानते हैं कि उन्होंने बिहार में बहुत कुछ किया, लेकिन हकीकत ये है कि देश का सबसे ज्यादा गरीब बिहार में ही बसते हैं। बिहार में शिक्षा को लेकर भले ही काम हुआ हो, लेकिन हकीकत ये है कि साइकिल बटी, पोशाक बटी, एडमिशन भी हुआ लेकिन शिक्षा का स्तर नहीं बढ़ पाया। बिहार के लोग यह जानना चाहते हैं कि जो आपने जो किया वो ठीक है, लेकिन अगले दस साल के लिए क्या एजेंडा है?












Click it and Unblock the Notifications