विपक्षी गठबंधन 'INDIA' को पहला झटका, नाराज हुए जयंत चौधरी, ट्वीट कर बताया- क्या है विपक्ष की कमजोरी
Jayant Chaudhary: 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को कैसे हराया जाए, इस मुद्दे पर 2 दिन तक माथापच्ची करने के बाद मंगलवार को विपक्ष की बैठक खत्म हो गई।
बैठक में विपक्ष की 26 पार्टियों ने एनडीए को हराने के लिए हुंकार भरी, लेकिन कुछ नेता ऐसे भी रहे, जिन्हें मीटिंग का एजेंडा पसंद नहीं आया और उनकी नाराजगी अब धीरे-धीरे निकलकर सामने आ रही है।

इनमें सबसे पहला नाम है राष्ट्रीय लोकदल यानी आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी का। जयंत चौधरी ने ट्वीट कर इस बात पर अपनी नाराजगी जाहिर की है कि विपक्ष की बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन नरेंद्र मोदी को टक्कर कैसे दी जाए, इसपर किसी ने एक लाइन नहीं बोली। जयंत चौधरी ने बुधवार को ट्वीट करते हुए लिखा, 'बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक से अंदर की खबर..., बैठक में हर नेता ने जनता के मुद्दों और एजेंडे के बारे में बात रखी, विपक्ष के गठबंधन INDIA के सामने क्या चुनौतियां हैं, इसपर भी चर्चा हुई.... लेकिन, मोदी जी पर कोई चर्चा नहीं हुई।'
आपको बता दें कि जयंत चौधरी पिछले महीने 23 जून को बिहार के पटना में हुई विपक्ष की पहली बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। उस समय ऐसे कयास लगाए गए थे आरएलडी और समाजवादी पार्टी के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। खबर यहां तक उड़ी कि जयंत चौधरी भी अजीत पवार और ओमप्रकाश राजभर की तरह एनडीए में शामिल हो सकते हैं, लेकिन आरएलडी प्रमुख ने इसे महज अफवाह बताया। अब एक बार फिर जयंत चौधरी के ट्वीट से नई अटकलें लगाई जा रही हैं।
क्या विपक्षी मोर्चे के नाम INDIA से नाराज हैं नीतीश?
दूसरी तरफ खबर है कि विपक्षी मोर्चे के नाम INDIA पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी आपत्ति है। मंगलवार को जब विपक्ष की ज्वॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई तो नीतीश उससे पहले ही पटना निकल आए। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसपर सफाई देते हुए कहा कि कई नेताओं की वापसी की फ्लाइट पहले से तय थी, इसलिए वो इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हो पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications