कपिल सिब्बल मामले में जावेद अख्तर की एंट्री, राहुल गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल
नई दिल्ली, अक्टूबर 01: पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल की ओर से पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़ा किये जाने के बाद पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सिब्बल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। इस घटना के बाद कांग्रेस दो खेमे में बंटी नजर आ रही है। जहां एक ओर पार्टी के सीनियर नेता इस घटना की निंदा कर रहे हैं तो वहीं दूसरी और संगठन के नेताओं ने सिब्बल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इस पूरे मामले पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने चुप्पी साध रखी है। अब इस मामले में गीतकार जावेद अख्तर की एंट्री हो गई है।

कपिल सिब्बल के घर पर हमले को लेकर गीतकार जावेद अख्तर ने भी सवाल उठाए हैं । जावेद अख्तर ने ट्वीट कर लिखा कि, कांग्रेस की कार्यशैली के बारे में राय जाहिर करने पर सिब्बल के घर पर हमला हुआ। ये वही लोग हैं जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाने के लिए मोदी सरकार की आलोचना करते हैं। गीतकार ने पूछा है कि क्या राहुल गांधी कोइन गुंडों की कड़े शब्दों में निंदा नहीं करनी चाहिए?

पंजाब में कांग्रेस संकट के लिए सिब्बल ने इशारों-इशारों में पार्टी आलाकमान के निर्णयों पर सवाल उठाए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन और उनके खिलाफ नारे लगाए। सिब्बल के परिसर में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है। कपिल सिब्बल के घर के बाहर युवा कांग्रेस नेताओं के विरोध की कांग्रेस नेताओं आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, पी चिदंबरम और शशि थरूर सहित अन्य ने निंदा की। शशि थरूर ने कहा कि कपिल सिब्बल की बातों से तह पार्टी भले ही सहमत न हो लेकिन उनकी बात सुननी होगी।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सिब्बल को सही अर्थों में कांग्रेसी बताया। थरूर ने कहा कि सिब्बल ने पार्टी के लिए कई बड़ी कानूनी लड़ाइयां लड़ीं हैं। वहीं मनीष तिवारी ने कहा कि, कांग्रेस के पास अभी कोई अध्यक्ष नहीं है। इसलिए वह नहीं जानते कि फैसले कौन ले रहा है। उन्होंने कहा कि जी-23 'जी-हुजूर' समूह नहीं है, इसलिए इस समूह के लोग सवाल उठाते रहेंगे। इस पूरे प्रकरण पर अभी तक राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि जल्द ही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई जाएगी।
वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि कपिल सिब्बल के आवास के बाहर हुए पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन की निंदा करते हुए कहा कि इस 'उपद्रव' में शामिल लोगों के खिलाफ पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, कपिल सिब्बल के घर पर हमला और उपद्रव के बारे में सुनकर स्तब्ध और आहत हूं। इस निंदनीय कृत्य से पार्टी की बदनामी होती है। इसकी कड़ी भर्त्सना की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications