जापान के पीएम शिंजो आबे के हॉलीडे होम जाने वाले पहले विदेशी नेता पीएम मोदी, आबे के साथ करेंगे प्राइवेट डिनर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अक्टूबर को जापान के दौरे पर होंगे। पीएम मोदी, जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के स्पेशल इनवाइट पर जापान की यात्रा पर जा रहे हैं। पीएम मोदी के इस दौरे को और स्पेशल बनाएगा उनका आबे के हॉलीडे होम पर डिनर करना। आबे ने अपने यामानशी स्थित हॉलीडे होम पर मोदी के लिए डिनर का आयोजन किया है। कहा जा रहा है कि पीएम मोदी पहले विदेशी नेता हैं जो पीएम आबे के हॉलीडे होम पर डिनर के लिए इनवाइट किए गए हैं। विदेश सचिव विजय गोखले की ओर से पीएम मोदी के जापान दौरे पर अहम जानकारियां दी गई हैं।

दो दिनों का है पीएम मोदी का दौरा
पीएम मोदी रविवार से जापान के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। 28 और 29 अक्टूबर को मोदी, आबे के साथ भारत-जापान वार्षिक सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस सम्मेलन में भारतीय-प्रशांत क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा तीसरे देश में ज्वॉइन्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के साथ ही रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। इसी दौरान दोनों देशों के नौसेनाओं के बीच लॉजिस्टिक सपोर्ट पैक्ट को लॉन्च करने पर भी बातचीत की जाएगी। विदेश सचिव विजय गोखले ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, बिग डाटा के अलावा यूएवी और रोबोटिक्स के डेवलपमेंट पर भी चर्चा की उम्मीद है। मोदी के जापान दौरे के बाद आबे पहली बार चीन के दौरे पर भी जाएंगे। गोखले की मानें तो उन्हें यह बात कहने में कोई हिचक नहीं है कि आबे के चीन दौरे से भारत-जापान संबंधों पर कोई असर पड़ेगा। गोखले की मानें तो भारत, जापान और चीन के बीच बेहतर संबंधों का हितैषी है।

ट्रेन से यामानशी वाया टोक्यो
गोखले ने पीएम मोदी के जापान दौरे के बोर में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आबे, पीएम मोदी को यामानशी स्थित अपने व्यक्तिगत निवास पर लेकर जाएंगे। यहां पर आगे ने मोदी के लिए प्राइवेट डिनर का आयोजन किया है। दोनों नेता टोक्यो से यामानशी तक ट्रेन से जाएंगे। टोक्यो से यामानशी तक की दूरी 110 किलोमीटर है और माउंट फिजी समेत यह कई पहाड़ियों से घिरा हुआ है। माउंट फिजी जापान का सबसे ऊंचा पर्वत है जिसकी ऊंचाई 3,776 मीटर है। गोखले ने बताया, 'पीएम मोदी के लिए पीएम आबे का यह व्यवहार बहुत ही विशेष है क्योंकि पीएम मोदी पहले ऐसे विदेशी नेता हैं जो आबे के हॉलीडे होम का दौरा करेंगे।' रविवार दोपहर को आबे माउंट फिजी के व्यू के बीच ही पीएम मोदी के लिए होटल में एक अनौपचारिक डिनर का आयोजन करेंगे। यहां पर दोनों नेता चहलकदमी करने के आलावा कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। यहां से आबे और मोदी जापान की सबसे बड़े मैन्यूफैक्चर्र की कंपनी का दौरा भी करेंगे। गोखले की मानें तो आबे ने मोदी के प्रोग्राम को तैयार करने में व्यक्तिगत रूचि दिखाई है।

जापान के महाराजा के साथ नहीं कोई मीटिंग
सोमवार को मोदी और आबे द्विपक्षीय मसलों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा दोनों नेता आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत करेंगे जिसमें इंडो-पैसेफिक क्षेत्र में आपसी सहयोग को गहरा करना भी शामिल है। आबे और मोदी रक्षा और सुरक्षा संबंधों के अलावा एशिया और अफ्रीका में त्रिपक्षीय नेटवर्क के जरिए कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्रोजेक्ट्स को लॉन्च करने पर भी वार्ता करेंगे। सोमवार को ही पीएम मोदी टोक्यो में मौजूद भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। इसके साथ जापान के कई नेताओं जिसमें जापानी विदेश मंत्री टारो कोनो भी शामिल हैं, उनसे मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी कई जापान के कई बिजनेस लीडर्स से भी मुलाकात करेंगे और स्टार्ट अप से जुड़े एक प्रोग्राम की लॉन्चिंग में भी शिरकत करेंगे। जापान के महाराजा अकितो, मोदी के दौरे के समय टोक्यो में नहीं होंगे और इसलिए दोनों की कोई मुलाकात नहीं हो पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications