कश्मीर में चार घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने मार गिराए चार आतंकी
कुलगाम। जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस ने आतंकियों की नापाक साजिश नाकाम कर दी है। कुलगाम में गुड्डर इलाके में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और पुलिस की आतंकवादियों से मुठभेड़ हो गई। सुरक्षा जवानों ने चार आतंकियों को मार गिराया गया है। वहीं, एक मेजर घायल हो गए। कश्मीर जोन पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है।

जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच लगातार गोलीबारी हुई। सुरक्षाबलों ने पहले दो आतंकियों को मार गिराया। उसके बाद भी दोनों तरफ से गोलीबारी जारी रही। सुरक्षाबलों को इलाके में दो और आतंकी छिपे होने की जानकारी मिली। इलाके में सर्च अभियान चलाया गया, जिसके बाद दो और आतंकी मार गिराए गए।
वहीं इससे पहले दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहेड़ा के अरवानी इलाके में शुक्रवार शाम को हुई एक मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार दिया गया। साथ ही हाल ही में अगवा किए गए एक पुलिसकर्मी को भी आतंकियों के चंगुल से छुड़ाया गया था।
दरअसल अपहरण किए गए पुलिसकर्मी के साथ यात्रा कर रहे इन दो आतंकवादियों को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहेरा क्षेत्र के खारपोरा, अरवानी में पुलिस और सेना के बनाए गए चेक पोस्ट पर रोका गए था, लेकिन आतंकियों ने चेक पोस्ट पर गोलीबारी की और भागने की कोशिश की। घंटों चली इस गोलीबारी में वे मारे गए, जबकि सिपाही को बचा लिया गया।
बताया जाता है कि जम्मू-कश्मीर में हालात बिगाड़ने के लिए सरहद पार से आतंकी संगठन बड़े पैमाने पर साजिश कर रहे हैं। यही कारण है कि लगातार तीन दिनों में तीन मुठभेड़ हुई हैं। इनमें सेना, सुरक्षाबलों ने अनंतनाग व पुलवामा जिलों में चार आतंकवादियों को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में इजाफा हुआ है। आतंकी आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कश्मीर में बीते दस दिनों में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर पांच बार हमला किया है। हालांकि सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के कारण कोई बड़ी घटना नहीं होने पा रही है।












Click it and Unblock the Notifications