जम्मू-कश्मीर: मालबाग में एनकाउंटर, सुरक्षाबलों ने ढेर किया एक आतंकी, CRPF जवान शहीद
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हुआ है। यहां के मालबाग इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ में एक दहशतगर्द को मार गिराया है। पुलिस के आला अधिकारी से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान को गोली लगी थी जो इलाज के दौरान अस्पताल में शहीद हो गया।
Recommended Video

जम्मू कश्मीर के डीआईजी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस को विशेष सूचना मिली थी। एसओजी और सीआरपीएफ ने मिलकर ऑपरेशन शुरू किया था। अभी आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि ज्वाइंट टीम ने संदिग्ध जगह का घेराव कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। आतंकियों को सुरक्षाबल मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस जगह पर 1-2 आतंकियों के छिपे होने की खबर है। उल्लेखनीय है कि श्रीनगर में बीते 45 दिनों में यह तीसरा एनकाउंटर है।
आपको बता दें कि कश्मीर को आतंकमुक्त बनाने के लिए सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। अब सुरक्षा बलों ने आतंकियों के सफाए के लिए टॉप-12 आतंकियों की हिट लिस्ट बनाई है। हिट लिस्ट में जैश-ए-मोहम्मद के तीन, लश्कर के पांच और हिजबुल के चार आतंकी हैं। सूत्रों की मानें तो इस हिट लिस्ट में जैश का कश्मीर में ऑपरेशनल कमांडर गाजी रशीद और लंबू के अलावा हिजबुल का डॉ. सैफुल्ला और लश्कर के उस्मान व नसरुल्ला उर्फ नासिर सबसे ऊपर है। मौजूदा वक्त में वादी में करीब 170 आतंकी सक्रिय हैं। आइजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि सुरक्षाबलों पर हमलों के लिए आतंकी अब मस्जिदों का इस्तेमाल करने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications