Doda Encounter news: डोडा एनकाउंटर को बहुत ही 'खतरनाक' क्यों बता रहें असदुद्दीन ओवैसी?
Doda Encounter news: एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने जम्मू के डोडा में आतंकवादियों के साथ हुए एनकाउंटर की घटना को बहुत ही खतरनाक कहा है। उन्होंने इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधा है।
हैदराबाद के सांसद ओवैसी ने डोडा एनकाउंटर को लेकर मोदी सरकार पर तंज कसते हुए है कि 'घर में घुसकर मारेंगे' के दावे का क्या हुआ?

डोडा एनकाउंटर के बाद विपक्ष के निशाने पर मोदी सरकार
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों के साथ हुई झड़प में सेना के एक अफसर समेत चार सुरक्षा बलों के जवान शहीद हो गए हैं। जम्मू इलाके के डोडा जिले में आतंकवादियों के सफाए का अभियान चल रहा है, इसी दौरान स्थानीय जंगलों में तीन हफ्तों में यह तीसरा बड़ा एनकाउंटर है।
घर में घुसकर मारेंगे...फिर क्या हो रहा है ये- ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने आतंकवादी वारदातों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर हमला करते हुए कहा है,"नरेंद्र मोदी बड़ी-बड़ी बात कर रहे थे....घर में घुसकर मारेंगे...फिर क्या हो रहा है ये.....ये सरासर नाकामी है गवर्मेंट की....टेररिज्म को कंट्रोल नहीं कर पा रहे..."
'नियंत्रण रेखा से दूर हुई वारदात, जो बहुत खतरनाक है'
उनका कहना है कि डोडा में जो आतंकवादी वारदात हुई है, वह इसलिए बहुत ही खतरनाक है, क्योंकि ये इलाका नियंत्रण रेखा (LoC) से बहुत दूर है। उन्होंने कहा, "डोडा में जो हुआ है, ये तो एलओसी से बहुत दूर है...इसलिए ये बहुत ही खतरनाक बात है ये..."
आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध हैं सुरक्षा बल- रक्षा मंत्री
इससे पहले डोडा की घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वे सेना के चार जवानों के जम्मू और कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवाद-विरोधी अभियान में शहादत से 'बहुत ही दुखी' हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल इस क्षेत्र में आतंकवाद के खात्मे को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
इसी साल लोकसभा चुनाव से पहले अप्रैल में एक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, 'यदि कोई आतंकवादी किसी पड़ोसी देश से भारत को अशांत करने की कोशिश करेगा या भारत में कोई आतंकवादी गतिविधि करने का प्रयास करेगा, हम हमेशा उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।'
'....तो पाकिस्तान में घुसकर मारेंगे'
उन्होंने तब रॉ (RAW) की ओर से 'विदेशी जमीन पर रहने वाले आतंकवादियों के खात्मे' की रणनीति बनाए जाने को लेकर आई एक रिपोर्ट पर पूछे गए सवालों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। राजनाथ ने कहा था, 'अगर आतंकवादी (भारत से) पाकिस्तान की ओर भागेगा, तो पाकिस्तान में घुसकर मारेंगे।'
बीजेपी की गलत नीतियों का अंजाम भुगत रहे हैं जवान- राहुल गांधी
उधर डोडा एनकाउंटर के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी मोदी सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जवान बीजेपी की गलत नीतियों का अंजाम भुगत रहे हैं।
कांग्रेस का दावा-बीजेपी के तीसरे कार्यकाल के 38 दिनों में 9 आतंकी हमले
वहीं कांग्रेस पार्टी ने एक्स पर दावा किया है कि बीजेपी के तीसरे कार्यकाल के 38 दिनों के भीतर 9 आतंकवादी हमले हुए हैं। इसमें 12 जवानों समेत 10 नागरिकों की मौत हुई है और 13 जवान और 44 नागरिक जख्मी हुए हैं।
पिछले हफ्ते जम्मू के ही कठुआ में आतंकवादियों ने सेना पर हमला कर दिया था, जिसमें पांच जवान शहीद हो गए थे और कई जख्मी हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications