जम्मू कश्मीर: जैश-ए-मोहम्मद के मॉड्यूल का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
श्रीनगर। सोपोर पुलिस ने शनिवार को आतंकवादी संगठन जैश के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को 25 जनवरी को सोपोर में सीआरपीएफ कैंप पर ग्रेनेड फेंके जाने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इन तीन गिरफ्तारियों के साथ उसने ग्रेनेड हमले का मामला सुलझा दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

सोपोर एसएसपी जावेद अकबाल ने बताया है कि 25 जनवरी को सीआरपीएफ कैंप पर अज्ञात लोगों ने ग्रेनेड फेंका था। जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ था। जिसके बाद केस दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी गई थी। पूछताछ के बाद उन्होंने मामले में गुलाम कादिर, एजाज अहमद और औवेस खालिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि तीनों ने ग्रेनेड फेंके जाने की बात कबूल कर ली है।
शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में भी आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हुआ। जिसमें जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों ने सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।
घाटी में आतंकी हमलों की वारदातें लगातार सामने आ रही है। एक दिन पहले शुक्रवार को शोपियां में आतंकियों ने 25 वर्ष की एक महिला का पहले अपहरण किया और फिर बेदर्दी से उसकी हत्या कर डाली। जम्मू कश्मीर पुलिस को इस महिला का गोलियों से छलनी शव मिला। पुलिस की ओर से यह जानकारी भी दी गई है कि आतंकियों ने घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया है। महिला का शव शोपियां के सुगान गांव में मिला है।












Click it and Unblock the Notifications