पाकिस्तान ने कुमकरी सेक्टर में तोड़ा सीजफायर, एक नागरिक की मौत, 7 घायल
जम्मू-कश्मीर। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर सीजफायर उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना ने इस बार रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया है। भारतीय सेना के सूत्रों के हवाले से जानकारी आ रही है कि पाक की तरफ से कुमकरी सेक्टर में की जा रही इस गोलीबारी में एक नागरिक की मौत हो गई जबकि 7 नागरिक घायल हो गए। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में किया जा रहा है।

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सीजफायर का उल्लंघन कर नियंत्रण रेखा पर भारी गोलीबारी की और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। सेना के सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि पाकिस्तान की तरफ से की जा रही गोलीबारी में एक नागरिक की मौत हो गई। पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों में मोर्टार दागे। वहीं, बताया जा रहा है कि पाक की तरफ से इस गोलीबारी में कुछ मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
पाक की तरफ से गोलीबारी में एक नागरिक की मौत, 7 घायल
भारतीय सेना पाकिस्तान की तरफ से की जा रही गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है और सेना ने पाक की कई चौकियों को निशाना बनाया है। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान आए दिन सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है और बौखलाहट में नागरिकों को निशाना बना रहा है।
पिछले हफ्ते भी कुपवाड़ा के तंगधार सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ा, इसमें दो जवान शहीद हो गए थे, इसके अलावा एक नागरिक की भी मौत हो गई थी। बौखलाई पाकिस्तान की सेना तंगधार, नौगाम और कुपवाड़ा में लगातार फायरिंग कर रही थी, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। भारतीय सेना की इस जवाबी कार्रवाई में पड़ोसी देश को भारी नुकसान उठाना पड़ा और उसके कई सैनिक मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications