जम्मू कश्मीर: पुलवामा में सीआरपीएफ बंकर पर ग्रेनेड हमला, एक जवान घायल
पुलवामा। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने सीआरपीएफ जवानों पर ग्रेनेड हमला किया है। हमला स्टेट बैंक के पास हुआ जहां पर सीआरपीएफ जवान तैनात थे। इस हमले में अभी तक एक जवान के घायल होने की खबरें हैं। इलाके को सेना ने घेर लिया है और आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलवामा में ही 14 फरवरी को सीआरपीएफ काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे।

सुबह बनिहाल में हुआ ब्लास्ट
शनिवार की सुबह ही बनिहाल, रामबन में एक ब्लास्ट होने की खबरें हैं। यह ब्लास्ट जवाहर टनल में उस समय हुआ जब सुरक्षाबल का काफिला पास से गुजर रहा था। सूत्रों के मुताबिक यह धमाका एक एलपीजी सिलेंडर में हुए ब्लास्ट की वजह से हुआ है।सीआरपीएफ सूत्रों का कहना है कि पहली नजर में लगता है कि यह ब्लास्ट सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है। ब्लास्ट के समय सीआरपीएफ का काफिला कुछ ही दूरी पर था। फिलहाल उसे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।कश्मीर की मीडिया की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ जवानों को लेकर एक बस बनिहाल के तेतहार से गुजर रही थी कि अचानक सुबह 10:40 मिनट पर एक जोरदार धमाका हुआ। कहा जा रहा है कि बस में एक सैंट्रो कार ने टक्कर मारी थी। कार का ड्राइवर फरार है और उसकी तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications