जम्मू एवं कश्मीर : राज्यपाल वोहरा ने सर्वदलीय बैठक बुलाई
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन के बाद गवर्नर एन.एन वोहरा ने शुक्रवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। रियासत में भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार गिरने के एक दिन बाद जम्मू कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू किया गया था। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से समर्थन वापस लिए जाने के बाद महबूबा मुफ्ती सरकार अल्पमत में आ गई थी और उन्हें पद छोड़ना पड़ा। सरकार गिरने के एक दिन बाद ही राज्यपाल की सिफारिश पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को राज्य में राज्यपाल शासन लागू कर दिया था।

बैठक शाम साढ़े चार बजे बुलाई गई है। इसमें सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों को बुलाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक राज्यपाल ने राज्य की स्थिति पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय पार्टियों की प्रदेश इकाई के प्रमुखों सहित सभी पार्टी प्रमुखों को बुलाया है। मौजूदा विधानसभा का छह साल का कार्यकाल मार्च 2021 में खत्म हो रहा है। बता दें, राज्यपाल एनएन वोहरा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक किसी नए चेहरे को जिम्मेदारी देने के बजाए उन्हीं को अगला कार्यकाल मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications