जम्मू कश्मीर डीडीसी चुनाव: दोपहर एक बजे तक 41 प्रतिशत से अधिक मतदान
जम्मू कश्मीर में आज डीडीसी चुनाव के चौथे चरण में जम्मू और कश्मीर संभाग की 17-17 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के चौथे चरण के लिए सोमवार दोपहर एक बजे तक 41 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं। 34 सीटों पर हो रहे मतदान को लेकर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चौथे चरण के चुनाव में 249 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 7 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार दोपहर एक बजे तक कश्मीर संभाग के कुपवाड़ा में 28.77 %, बांदीपोरा में 44.82 %, बारामूला में 37.40 %, गांदेरबल में 43.45 %, बडगाम में 36.36 %, पुलवामा में 5.66 %, शोपियां में 1.76 %, कुलगाम में 6.59 % और अनंतनाग में 23.63 % मतदान हुआ। वहीं, जम्मू संभाग के किश्तवाड़ में 59.29 %, डोडा में 67.86 , उधमपुर में 48.24%, रामबन में 61.50 %, रियासी में 49.30 %, कठुआ में 54.23 %, सांबा में 59.64 %, जम्मू में 62.71 %, राजौरी में 65.49 % और पुंछ में 59.15 % मतदान हुआ ।
आंकड़ों के अनुसार दोपहर एक बजे तक कश्मीर संभाग में कुल 25.54 प्रतिशत और जम्मू संभाग में 59.38 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश में दोपहर एक बजे तक कुल 41.94 प्रतिशत मतदान हुआ। चौथे चरण में कश्मीर संभाग में 48 महिलाओं समेत 138 उम्मीदवार और जम्मू संभाग में 34 महिलाओं समेत 111 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। आठ चरणों में हो रहे डीडीसी चुनाव के पहला चरण का मतदान 28 नवम्बर को हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि चौथे चरण में सरपंच की 123 सीटें अधिसूचित की गई थी, इनमें से 45 सीटों पर निर्विरोध सरपंच चुन लिए गए। चौथे चरण में कुल 7,17,322 मतदाता हैं। इनमें से 3,76,797 पुरुष और 3,40,525 महिलाएं हैं । इस चरण में केंद्रशासित प्रदेश में कुल 1,910 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें से 781 जम्मू संभाग में और 1,129 कश्मीर संभाग में हैं । अधिकारियों ने बताया कि 1,152 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील और 349 को संवेदनशील घोषित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications