नरेंद्र मोदी को हाफिज सईद की चेतावनी, पाक हिंदुओं को न उकसाएं

सईद ने ट्वीट करके कहा है कि नरेंद्र मोदी पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं को उकसाना बंद करें। सईद का दावा है कि पाक में रहने वाले हिंदु पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हाफिज सईद ने एक ट्वीट नहीं बल्कि धमकी देने के अंदाज में एक के बाद एक कई ट्वीट किए हैं।
सुन लें नरेंद्र मोदी
सईद ने सोमवार को ये ट्वीट किए हैं। सईद ने कहा, "मैं चाहता हूं कि नरेंद्र मोदी ये सुनें कि पाकिस्तान में हिंदू, उनका जीवन और उनका सम्मान पूरी तरह सुरक्षित है और उनकी हालत वैसी नहीं है, जैसा आपने मुसलमानों के साथ किया है।"
इसके थोड़ी ही देर बाद उन्होंने कई ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में हाफिज ने लिखा है कि इस्लाम हमें अन्य धर्म मानने वालों के खिलाफ हिंसा की इजाजत नहीं देता है। हाफिज ने ये दावा भी किया है कि किसी भी भारतीय षड्यंत्र के तहत पाकिस्तान को बैटल ग्राउंड नहीं बनने दिया जाएगा।
सईद के ये ट्वीट्स ऐसे समय में आए हैं जबकि भारत में भारतीय जनता पार्टी के नेता गिरिराज सिंह की ओर से एक जनसभा में कहा था कि जो लोग मोदी के विरोधी हैं उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाएगा।
गिरिराज सिंह के इस बयान को लेकर खासा विवाद हो रहा है। हाफिज ने भारत सरकार पर भी निशाना साधा है कि भारत, अमेरिका की शह पर अफगानिस्ता में बेस कैंप बना रहा है ताकि पाकिस्तान को अस्थिर किया जा सके।
हालांकि भारत हमेशा से इन आरोपों से इनकार करता रहा है। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी अपने बयानों में अक्सर पाकिस्तान पर निशाना साधते रहते हैं। ऐसे में हाफिज सईद के यह ट्वीट्स कहीं न कहीं थोड़ी चिंता और परेशानी बढ़ा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications