Jaipur-Mumbai Train Shooting: 'मैं बुर्के में थी, RPF जवान ने मुझे भारत माता की जय बोलने को कहा'
जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस गोलीकांड में एक चश्मदीद महिला सामने आई है। जिसने उस दिन की पूरी कहानी बताई। मामले की जांच कर रही बोरीवली जीआरपी ने महिला को इस मामले का गवाह बना दिया है, ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। इसके अलावा ट्रेन में लगे सीसीटीवी का वीडियो भी सामने आया है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक आरपीएफ जवान चेतन चौधरी ने घटना वाले दिन ट्रेन में मौजूद एक महिला से बदसलूकी की थी। वो महिला बुर्के में थी, इस वजह से उनको निशाना बनाया गया। इसके अलावा आरोपी जवान बार-बार उसे मारने की धमकी दे रहा था।

महिला के मुताबिक वो बी-3 कोच में सफर कर रही थीं। तभी आरपीएफ जवान हथियार लेकर उनके पास आया। वो उन्हें 'भारत माता की जय' बोलने को कह रहा था। महिला उससे पूछती रही कि आप कौन हैं, लेकिन जवान 'भारत माता की जय' बुलवाने पर अड़ा रहा।
महिला के मुताबिक वो काफी ज्यादा डर गई थीं, ऐसे में वो 'भारत माता की जय' के नारे लगाने लगीं। महिला उसके हथियार को देख रही थी, उसने उसे धक्का भी मारा, जिस पर जवान ने कहा कि अगर उसने उनके हथियार को हाथ लगाया, तो वो उनकी हत्या कर देगा।
अपने साथी समेत 4 को मारी गोली
चेतन चौधरी ने अपने सीनियर टीकाराम मीना को गोली मार दी। इसके बाद उसने तीन यात्रियों को गोली मारी, जिनकी पहचान अब्दुल कादर मोहम्मद हुसैन भानपुरावाला, सैयद सैफुद्दीन और असगर अब्बास शेख के रूप में हुई।
घटना के बाद आरोपी भाग रहा था, लेकिन अन्य जवानों ने उसको पकड़ लिया। फिलहाल उस पर आईपीसी की धारा 153 ए, 302, 363, 341, 342 के तहत मामला चलाया जा रहा है।
मानसिक स्थिति को लेकर उठे थे सवाल
चेतन के घर वालों ने दावा किया था कि वो मानसिक रूप से बीमार था। इसके अलावा ट्रांसफर को लेकर भी वो परेशान था। शायद इसी वजह से उसने ये कदम उठाया। ऐसे में ये सवाल भी उठ रहा कि जब जवान की मानसिक हालत सही नहीं थी, तो उसको क्यों ऑटोमैटिक हथियार दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications