जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का आगाज: खातीपुरा टर्मिनल से बदलेगी राजस्थान-बिहार की कनेक्टिविटी, जानें क्या है खास
खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल का उद्घाटन: जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी, स्टेशनों पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 21 जून 2026 को जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। यह नई रेल सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी। इस दौरान नवनिर्मित खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं का भी लोकार्पण किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।

इस मौके पर रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह ट्रेन राजस्थान और बिहार के मिथिला क्षेत्र की संस्कृतियों को जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान प्रवासी बिहारियों से किया गया वादा आज पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का रेलवे नेटवर्क लगातार मजबूत हो रहा है। रेल मंत्री ने खाटूश्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि खाटू नगरी से 11 किमी दूर 'सुंदरपुरा' स्टेशन बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीकानेर से जयपुर आते समय उन्होंने खुद उस स्थान पर उतरकर स्टेशन की जमीन को नमन किया और तय किया कि यहां भव्य स्टेशन बनेगा। उन्होंने स्टेशन का डिजाइन और मैप भी साझा किया। खातीपुरा टर्मिनल पर उन्होंने कहा कि देश में बनने वाले 50 मेगा कोचिंग टर्मिनलों में से यह पहला है, जहां हर महीने 450 ट्रेनों का मेंटेनेंस हो सकेगा। इससे जयपुर क्षेत्र से और ज्यादा ट्रेनें चलाना आसान होगा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे दोनों राज्यों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि जयपुर से दरभंगा के लिए ट्रेन की मांग काफी पुरानी थी, जो अब पूरी हो गई है। सीएम ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति पूरी दुनिया में फैल रही है। नई ट्रेन और मेगा टर्मिनल से राजस्थान में व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान में रेलवे का कायाकल्प हुआ है, आज यहां 5 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और 100% विद्युतीकरण हो चुका है। बजट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान को पहली बार 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का रेल बजट मिला है और फिलहाल 76,800 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री के कार्यकाल में बिहार को कई नई ट्रेनें मिली हैं। जयपुर-दरभंगा ट्रेन से राजस्थान में रह रहे प्रवासी बिहारियों को घर आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।
राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी प्रदेश को मिली इन सौगातों के लिए पीएम मोदी और रेल मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने मावली-देवगढ़ गेज परिवर्तन और पुष्कर-मेड़ता नई रेल लाइन के लिए भी आभार जताया। कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा और दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने भी विचार रखे।
इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इसे अगले 20 सालों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यहां दिल्ली, बीकानेर और जोधपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों का मेंटेनेंस होगा, जिससे जयपुर जंक्शन पर दबाव कम होगा।
क्यों खास है जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस?
यह ट्रेन राजस्थान और बिहार के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। सुरक्षित और आरामदायक सफर के साथ यह शिक्षा, व्यापार और रोजगार के लिए आने-जाने वालों के लिए वरदान साबित होगी। अभी अजमेर-दरभंगा के बीच केवल एक साप्ताहिक ट्रेन है, ऐसे में सप्ताह में 6 दिन चलने वाली यह नई सेवा यात्रियों के लिए बड़ी राहत है। जयपुर की विरासत और दरभंगा की मिथिला संस्कृति अब इस रेल सेवा के जरिए और करीब आएंगी।
205 करोड़ की लागत से बना मेगा टर्मिनल
खातीपुरा में 205 करोड़ रुपये की लागत से बना यह टर्मिनल बेहद आधुनिक है। यहां वंदे भारत, डेमू और एलएचबी कोच वाली सभी तरह की ट्रेनों का मेंटेनेंस एक ही जगह हो सकेगा। नई रेल लाइनें, वॉशिंग पिट और स्टेबलिंग लाइनों जैसी सुविधाओं से लैस यह परिसर भविष्य की रेल चुनौतियों के लिए तैयार है।
छोटे स्टेशनों का भी होगा कायाकल्प
अमृत भारत स्टेशन योजना के अलावा उत्तर पश्चिम रेलवे के 41 छोटे और मध्यम स्टेशनों पर भी विकास कार्य किए गए हैं। यहां नए प्लेटफॉर्म, पुराने प्लेटफॉर्मों का विस्तार और 16 स्टेशनों पर 'इंटीग्रेटेड पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम' शुरू किया गया है, ताकि आम यात्रियों का सफर और भी सुगम और सुरक्षित हो सके।












Click it and Unblock the Notifications