J&K: गुलाम नबी आजाद का वनवास खत्म होगा! कांग्रेस कर सकती है बड़ा ऐलान
श्रीनगर, 18 जुलाई: कांग्रेस पार्टी में पूर्व केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम गुलाम नबी आजाद का पार्टी में अहम जिम्मेदारियों से वनवास जल्द खत्म होने की संभावना नजर आने लगी है। पार्टी उन्हें जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री का चेहरा बना सकती है। इस संबंध में जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस नेता आलाकमान के सामने अपनी मांग रख चुके हैं और जानकारी के मुताबिक उन्होंने भी हालात की नजाकत को देखते हुए इसपर हामी भर दी है। हालांकि, औपचारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है और जल्द ही सोनिया गांधी की ओर से इस संबंध में पार्टी के फैसले की घोषणा हो सकती है। बता दें कि गुलाम नबी आजाद अभी संसद के किसी भी सदन के सदस्य भी नहीं हैं और पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में जाने का फिर से मौका भी नहीं दिया है।

गुलाम नबी आजाद जम्मू-कश्मीर में हो सकते हैं सीएम चेहरा
कांग्रेस के असंतुष्टों के गुट जी-23 के नेता गुलाम नबी आजाद को खुश करने के लिए पार्टी अपनी चुनावी नीति बदलने के लिए भी तैयार हो गई है। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान उन्हें सैद्धांतिक रूप से जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश करने के लिए तैयार हो गया है। अभी हाल ही में गुजरात चुनाव पर चर्चा के दौरान पार्टी की ओर से दलील दी गई थी कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा कांग्रेस पार्टी घोषित नहीं करती। लेकिन, जम्मू-कश्मीर में ना सिर्फ जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री को सीएम उम्मीदवार बनाने की बात हुई है, बल्कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर भी उन्हीं के किसी खास को बिठाए जाने की चर्चा है।

अगले कुछ दिनों में हो सकता है औपचारिक ऐलान
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि कांग्रेस हाई कमान जम्मू-कश्मीर के नेताओं की इस मांग पर सहमत है कि आजाद को ही जम्मू-कश्मीर में पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाया जाए। आर्टिकल-370 के खत्म होने और इसके केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद इस साल के आखिर में गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के साथ ही यहां भी चुनाव करवाए जाने की संभावना है। एक सूत्र के मुताबिक, 'कांग्रेस हाई कमान ने हमारी मांग पर मुहर लगा दी है और अगले कुछ दिनों में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की ओर से इसकी घोषणा की जाएगी। हम अगले कुछ दिनों में इसके ऐलान की उम्मीद कर रहे हैं।'

कांग्रेस के जी-23 गुट के नेता रहे हैं आजाद
नई दिल्ली में हाल ही में पार्टी की एक बैठक हुई थी, जिसमें आजाद समेत जम्मू-कश्मीर से कांग्रेस के तमाम नेता भी जुटे थे। गौरतलब है कि आजाद कांग्रेस के उस जी-23 के सदस्य हैं, जिनकी ओर से 2020 में कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र बहाली को लेकर सोनिया गांधी को लिखी गई कथित चिट्टी को लेकर पार्टी के अंदर काफी तूफान मच गया था। कपिल सिब्बल जैसे उस गुट के नेता पार्टी से बाहर भी हो चुके हैं और लोकसभा सांसद मनीष तिवारी भी आए दिन किसी ना किसी विचार की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से आजाद के सुर नरम पड़े हुए हैं और वह पार्टी की राजनीति को लेकर सार्वजनिक टिप्पणियों से बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

पार्टी के पास आजाद का विकल्प नहीं- कांग्रेस नेता
आजाद को सीएम उम्मीदवार बनाए जाने के बारे में जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जीएम सरूरी ने कहा कि बैठक में मौजूद नेताओं ने चुनावों में आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की मांग की। उन्होंने कहा, 'उनकी उम्मीदवारी का किसी ने विरोध नहीं किया।' वो बोले, 'पार्टी में उनके कद का कोई दूसरा नेता नहीं है। जम्मू और कश्मीर में वे पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं और समाज के सभी वर्गों में स्वीकार्य हैं।' केंद्र शासित प्रदेश के एक और कांग्रेस नेता गुलाम नबी मोंगा ने कहा कि आजाद की उम्मीदवारी को लेकर कहा, 'पार्टी के पास उनके अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं है।'

आजाद के चहेते को मिल सकता है प्रदेश अध्यक्ष का पद
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि विधानसभा में यदि आजाद का चेहरा रहेगा तो पार्टी एकजुट होकर चुनाव में खड़ी हो सकती है। आजाद के साथ ही राज्य में कांग्रेस पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी मुहर लगने की संभावना है। क्योंकि, जीए मीर के हटने के बाद से यह पद खाली पड़ा है। इसके लिए जिन नामों की चर्चा हो रही है, उसमें विकार रसूल, जीएम सरूरी के अलावा मनोहर लाल, पीरजादा मोहम्मद सईद, तारिक हामिद कर्रा और गुलाम नबी मोंगा का नाम शामिल है। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि इस पद पर बैठने का मौका भी उसी नेता को मिल सकता है, जिसपर आजाद का आशीर्वाद रहेगा। बहरहाल, फैसला कांग्रेस नेतृत्व को करना है और अंतिम नाम वहीं से फाइनल होगा।












Click it and Unblock the Notifications