जयपुर: इटली के पर्यटक की पत्नी में हुई कोरोना वायरस की पुष्टि, मरीजों की संख्या हुई 7
नई दिल्ली। जयपुर में भर्ती इटली के एक पर्यटक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद उसकी पत्नी की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अब देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या सात हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने महिला पर्यटक में कोरोना की पुष्टि के लिए उसका सैंपल पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजा है। यह दंपति राजस्थान भ्रमण पर सड़क मार्ग से 28 फरवरी को जयपुर पहुंचा था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर एसएमएस अस्पताल में 4 दिन से भर्ती इटली के पर्यटक एंड्री कार्ली की पत्नी में भी कोरोनावायरस के लक्षण होने का मामला सामने आया है। एंड्री को कोरोना वायरस होने की पुष्टि पुणे की लैब में जांच के बाद सरकार ने की है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि महिला में कोरोना वायरस के लक्षण विकसित होने पर नमूने लिये गये। नमूने की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर नमूने को पुष्टि के लिये पुणे की राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजा गया है।
इटली की यह दंपत्ति जयपुर के सवाईमानसिंह चिकित्सालय के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती है। इस बीच चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डा रघु शर्मा ने कोरोना वायरस के मामले सामने आने के मद्देनजर पूरे राज्य में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। इस बीच राज्य सरकार ने राज्य भर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। सरकार ने त्वरित प्रतिक्रिया टीमें बनाई हैं जो इटली के पर्यटन दल के संपर्क में आए सभी लोगों की अनिवार्य 'स्क्रीनिंग' करेगी।
बता दें कि, इटली से 20 सदस्यों का पर्यटकों दल राज्य के मण्डावा, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर होते हुए जयपुर पहंचा था। यहां पहुंचने पर एक पर्यटक के बीमार होने पर उसे स्थानीय निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया था एवं वहां से रैफर होने के बाद एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications