इरफान खान ने बताई खुद को ट्यूमर होने की बात, पत्नी ने कहा- मैं जंग के मैदान में खड़ी हूं
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान ने अपनी बीमारी को लेकर एक महीने से चल रही अटकलों को खत्म करते हुए आज बताया कि वो न्यूरो एंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित हैं। खान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अपने फैंस से दुआओं की दरख्वास्त की है। उन्होंने बताया है कि वो इलाज कराने के लिए विदेश जा रहे हैं। इरफान ने कुछ वक्त पहले कहा था कि वो खुद अपनी बीमारी के बारे में बताएंगे इसलिए कोई भी अटकलें ना लगाए। इरफान खान ने आज बीमारी के बारे में बताया है लेकिन उनकी बीवी सुतापा सिकदर ने बीते हफ्ते ही बड़ी बात कह दी थी।

योद्धा है मेरा पार्टनर: सुतापा सिकदर
सोशल मीडिया पर इरफान खान के फैंस के बीच उनकी बीमारी को लेकर परेशान होने के बीच उनकी पत्नी सुतापा सिकदर ने बीते हफ्ते एक भावुक फेसबुक पोस्ट लिखी थी। सुतापा ने फेसबुक पर इरफान और परिवार की तरफ से बयान जारी कर कहा था कि 'मेरा बेस्ट फ्रेंड और पार्टनर एक योद्धा है। वो पूरी हिम्मत और सुंदरता के साथ इस लड़ाई को लड़ रहे हैं। मैं मैसेज और कॉल का जवाब न दे पाने के लिए माफी चाहती हूं लेकिन मैं बताना चाहूंगी कि इस वक्त में पूरी दुनिया से आए मैसेज और प्रार्थना के लिए मैं आभारी हूं।'

मैं जंग के मैदान में खड़ी हूं: सुतापा
सुतापा ने लिखा कि वो भगवान और इरफान के प्रति भी कृतज्ञ हैं कि उन्होंने सुतापा को एक योद्धा बनाया। उन्होंने कहा वो इस वक्त एक जंग की मैदान में खड़ी हैं जिसे उन्हें हर हाल में जितना है। ये आसान नहीं है और न होगा लेकिन परिवार, दोस्तों और इरफान के फैंस ने मुझे आशावादी बना दिया है। मैं समझ सकती हूं कि सभी इरफान को लेकर जिज्ञासु हो रहे हैं लेकिन इस वक्त हमें अपनी एनर्जी इसमें बर्बाद नहीं करनी चाहिए। मेरी आप सभी से विनम्र गुजारिश है कि आप जिंदगी को जीने ध्यान लगाएं। मेरा परिवार भी इसमें जल्द शामिल होगा। धन्यवाद।

इरफान ने दी थी अपनी बीमारी की जानकारी
5 मार्च को इरफान खान ने ट्विटर पर एक दुर्लभ बीमारी का शिकार होने की जानकारी दी थी। इरफान ने लिखा था कि बीते 15 दिन में मेरी जिंदगी में अनिश्चितता बहुत रही है। मुझे इसके बारे में अंदाजा भी नहीं था कि दुर्लभ कहानियों की तलाश करते-करते मुझे एक दुर्लभ बीमारी मिल जाएगी। हालांकि मैंने कभी आशा का दामन नहीं छोड़ा और हमेशा अपने पसंद के लिए लड़ाई लड़ी और हमेशा लड़ूंगा। उन्होंने तब वक्त आने पर ज्यादा जानकारी देने की बात कही थी, अब उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में बताया है।












Click it and Unblock the Notifications