अलविदा इरफान- तस्वीरों में देखिए उनकी अंतिम यात्रा, सुपुर्द-ए-खाक के समय मौजूद थे दोनों बेटे और पत्नी
मुंबई। इंटरनेशनल और इंडियन सिनेमा में अपनी दमदार एक्टिंग से लाखों के दिलों पर राज करने वाले एक्टर इरफान खान का 53 साल की उम्र में निधन हो गया। मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में इरफान ने बुधवार सुबह आखिर सांस ली। उन्हें Colon infection की वजह से भर्ती किया गया था पर बचाया नहीं जा सका। बुधवार शाम करीब 4 बजे उन्हें अंतिम विदाई दे दी गई। जनाने की नमाज के बाद इरफान खान के पार्थिव शरीर को यारी रोड, वर्सोवा के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए उनकी पत्नी और बेटे और परिवार के कुछ लोग मौजूद थे। लॉकडाउन के चलते उनकी अंतिम यात्रा में सिर्फ 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति थी।
Recommended Video

कब्रिस्तान के बाहर नजर आए ये सितारे
उनके निधन की खबर ने हर किसी के दिल को झकझोर दिया और कई सितारे उनके जनाजे में शामिल भी होना चाहते थे, लेकिन यह संभव नहीं थी। कोरोना को ध्यान में रखते हुए मुंबई पुलिस ने सख्ती बरती जिसमें केवल 20 लोगों को ही शामिल होने की इजाजत दी गई थी। उनके करीबियों में से एक विशाल भारद्वाज, तिग्मांशु धूलिया के अलावा राजपाल यादव, कपिल शर्मा और मीका सिंह जैसे कुछ सिलेब्रिटीज कब्रिस्तान के बाहर नजर आए।

सोशल मीडिया पर उमड़ा तमाम हस्तियों का दुख
सितारे भले इस अंतिम यात्रा में शामिल न हो सके हों, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके जाने को लेकर अपना गम बयां किया है। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, शत्रुघ्न सिन्हा, लता मंगेशकर जैसे तमाम हस्तियों का दुख सोशल मीडिया पर उनके लिए उमड़ पड़ा है।

2018 में इरफान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर का पता चला था
गौरतलब है कि इरफान खान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। मार्च 2018 में इरफान को अपनी बीमारी का पता चला था। इसका उन्होंने लंदन में इलाज भी कराया था। अप्रैल 2019 में भारत लौटने के बाद इरफान ने 'अंग्रेजी मीडियम' फिल्म की शूटिंग की थी। मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले इरफान नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के छात्र रह चुके थे। छोटे पर्दे पर उन्होंने ‘भारत एक खोज' में भी काम किया था। इसके बाद वो फिल्मों में आए। 'मकबूल', 'लाइफ इन अ मेट्रो', 'द लंच बॉक्स', 'पीकू', 'हिंदी मीडियम', 'हासिल', 'पान सिंह तोमर' जैसी फिल्मों ने उन्हें एक अलग मुकाम दिया।

पत्नी के लिए दोबारा जीना चाहते थे इरफान खान...
बता दें कि इरफान खान ने कैंसर से लंबी जंग लड़ी है। हालांकि तबीयत ठीक होने के बाद इरफान ने फिल्म अंग्रेजी मीडियम की। इस फिल्म के रिलीज के दौरान उन्होंने एक इंटरव्यू में बीमारी से चल रही अपनी जंग को लेकर बात की थी। इरफान ने कहा था, मेरे लिए ये जो दौर था वो रोलर कोस्टर राइड जैसा था। हम थोड़ा रोए, लेकिन बहुत हंसे भी। मुझे बहुत बेचैनी होती थी, लेकिन मैंने उसे बाद में कंट्रोल कर लिया था। उन्होंने कहा था, हालांकि इस बीच जो सबसे अच्छी बात हुई वो ये कि मैं अपने बच्चों के साथ ज्यादा समय रहा। मैंने उन्हें बढ़ता देखा। अपनी पत्नी सुतापा को लेकर तो मैं क्या ही कहूं। वह 24 घंटे मेरे साथ रहती हैं। हमेशा मेरा ध्यान रखतीं। अगर मुझे जीने का मौका मिला तो मैं उसके लिए जीना चाहूंगा। मैं अगर अभी तक हूं तो उसकी बड़ी वजह मेरी पत्नी है।

कभी बॉलीवुड नहीं छोड़ना चाहते थे इरफान
इरफान खान उन अभिनेताओं में से एक थे, जिन्हें बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड में भी बराबर सफलता मिली। एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वे कभी हॉलीवुड शिफ्ट हो सकते हैं? तो उन्होंने कहा था, "मैं अपने बेस के रूप में कभी बॉलीवुड को नहीं छोडूंगा। मुझे नहीं पता कि भविष्य ने मेरे लिए क्या संजोकर रखा है। लेकिन हॉलीवुड को अपना बेस बनाने का मेरा कोई इरादा नहीं है। इसका एकमात्र कारण यह है कि वहां मैं अपने दिल की सुनकर फिल्में नहीं कर पाऊंगा। मुझे वहां सभी तरह की फिल्में करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"












Click it and Unblock the Notifications