कौन हैं 100 करोड़ के घोटाले का पर्दाफाश करने वाली IPS अनुकृति शर्मा? NASA से क्या है कनेक्शन?

IPS Anukriti Sharma: अमेरिका में शोध का मौका, NASA से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम और विदेश में अच्छा करियर... फिर अचानक भारत लौटने का फैसला। इसके बाद UPSC की तैयारी और पांचवें प्रयास में IPS बनने की कहानी। यह कहानी है उत्तर प्रदेश कैडर की IPS अधिकारी अनुकृति शर्मा की। आज उनकी पहचान सिर्फ एक पुलिस अधिकारी के तौर पर नहीं, बल्कि बड़े और जटिल मामलों की जांच करने वाली अफसर के रूप में भी है।

संभल में तैनाती के दौरान उन्होंने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के एक बड़े बीमा घोटाले का खुलासा किया था। इस मामले का नेटवर्क 12 राज्यों तक फैला था और जांच में फर्जी दस्तावेजों के साथ हत्या कर बीमा की रकम लेने के आरोप भी सामने आए थे। अब इसी काम के लिए उन्हें वर्ष 2026 के केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है।

IPS Anukriti Sharma

कौन हैं IPS अनुकृति शर्मा?

अनुकृति शर्मा 2020 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की IPS अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार उनका जन्म 14 अक्टूबर 1987 को हुआ और उनका मूल स्थान जयपुर, राजस्थान है। फिलहाल वह गौतमबुद्ध नगर में एडिशनल डीसीपी के पद पर तैनात हैं। उनकी मौजूदा पोस्टिंग फरवरी 2026 में हुई थी।

IPS बनने से पहले उनका करियर पूरी तरह अलग दिशा में था। उन्होंने IISER कोलकाता से पढ़ाई की और आगे रिसर्च के क्षेत्र में गईं। अमेरिका में रहते हुए उन्होंने शोध कार्य किया और NASA से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर भी मिला।

ये भी पढ़ें: पहली ही कोशिश में UPSC क्रैक, अब ड्यूटी पर शराब पीने वाले ASI को दी अनोखी सजा! कौन हैं IPS अना लता सिन्हा?

विदेश का करियर छोड़ देश लौटीं

अमेरिका में शोध और बेहतर करियर के विकल्प होने के बावजूद अनुकृति शर्मा ने भारत लौटने का फैसला किया। देश के लिए काम करने की इच्छा ने उन्हें सिविल सेवा की तैयारी की ओर खींचा।

उन्होंने UPSC परीक्षा के लिए लगातार प्रयास किए। शुरुआती कोशिशों में उन्हें सफलता नहीं मिली। एक प्रयास में वह मुख्य परीक्षा तक भी नहीं पहुंच सकीं, जबकि तीसरे प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद अंतिम चयन नहीं हो सका। चौथे प्रयास में उन्होंने 355वीं रैंक हासिल की और IRS के लिए चुनी गईं, लेकिन उनका लक्ष्य IPS बनना था। इसलिए उन्होंने तैयारी जारी रखी। आखिरकार पांचवें प्रयास में उन्होंने UPSC पास कर IPS में जगह बनाई।

संभल में खुला 100 करोड़ का राज

अनुकृति शर्मा की पुलिस सेवा में सबसे चर्चित उपलब्धियों में संभल का बीमा घोटाला शामिल है। जब वह संभल में एडिशनल एसपी थीं, तब पुलिस की जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन से बड़ी मात्रा में नकदी और 19 लोगों के डेबिट कार्ड मिले। यह सुराग आगे की जांच का आधार बना और एक बड़े गिरोह का पता चला।

जांच में सामने आया कि गिरोह गंभीर रूप से बीमार लोगों और पहले ही मर चुके लोगों के नाम पर बीमा पॉलिसियां कराने और बाद में फर्जी दस्तावेजों के जरिए क्लेम लेने का काम करता था। पुलिस को ऐसे डेथ सर्टिफिकेट भी मिले, जिनमें गड़बड़ी की गई थी। जांच में 29 फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने की बात सामने आई।

बीमा के लिए हत्या का भी आरोप

मामला सिर्फ फर्जी कागजों तक सीमित नहीं था। पुलिस जांच में आरोप सामने आया कि कुछ लोगों की हत्या करके उनकी मौत को सड़क हादसा दिखाया गया, ताकि बीमा की रकम हासिल की जा सके। ऐसे मामलों में पहले बंद हो चुकी कुछ जांचों को भी पुलिस ने दोबारा खोला।

पुलिस के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क के तार कम से कम 12 राज्यों तक जुड़े थे। संभल और आसपास के जिलों के अलावा दूसरे इलाकों में भी ऐसे मामलों की जानकारी मिली। मामले में कई एफआईआर दर्ज हुईं और बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जांच में आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों और बीमा कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच हुई। प्रवर्तन निदेशालय ने भी मामले से जुड़े दस्तावेज मांगे थे।

पुलिसिंग में भी किए कई काम

संभल में अनुकृति शर्मा का काम सिर्फ अपराध की जांच तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसा बढ़ाने के लिए 'पुलिस माई फ्रेंड' अभियान शुरू किया। महिला सुरक्षा पर भी उन्होंने विशेष ध्यान दिया।

उनकी पहल पर संभल के सभी 15 पुलिस थानों में माता-शिशु देखभाल कक्ष यानी क्रेच शुरू किए गए। महिला सुरक्षा से जुड़े कई अभियानों में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। इन कामों के लिए उन्हें 15 अगस्त 2025 को डीजी प्रशंसा चिह्न यानी सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया था।

अब मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 31 अक्टूबर 2026 को वर्ष 2026 के लिए 490 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक देने की घोषणा की। यह पदक बेहतर जांच, उत्कृष्ट काम, पेशेवर क्षमता और उल्लेखनीय पुलिस सेवा के लिए दिया जाता है। अनुकृति शर्मा का नाम भी इस सम्मान के लिए चुने गए अधिकारियों में शामिल है।

संभल के 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के बीमा घोटाले की जांच ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। वहीं, अमेरिका में शोध का मौका छोड़कर देश लौटने और UPSC की कई कोशिशों के बाद IPS बनने का उनका सफर भी उन्हें अलग पहचान देता है। आज वह नोएडा में महिला सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

ये भी पढ़ें: कौन हैं कपल IAS-IPS ? 2.5 साल में 40 विला खरीदें-किराया 1.8 करोड़, अब लगे भ्रष्टाचार के आरोप

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+