INX Media case: सीबीआई रिमांड पर ही रहेंगे चिदंबरम, पांच सितंबर तक बढ़ी कस्टडी
पांच सितंबर तक सीबीआई रिमांड पर ही रहेंगे चिंदबरम
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम 5 सितंबर तक सीबीआई की कस्टडी में रहेंगे। मंगलवार को सीबीआई की विशेष अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ही बढ़ाते हुए उन्हें गुरुवार तक की सीबीआई रिमांड में भेज दिया। सीबीआई कोर्ट के जज अजय कुमार ने सुप्रीम कोर्ट का फैसला पढ़ने के बाद कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उनकी कस्टडी 5 सितंबर तक बढ़ाई है तो इसी को जारी रखा जाए।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में एक बार फिर मंगलवार को चिदंबरम की जमानत की याचिका पर सुनवाई हुई।अदालत में सीबीआई की तरफ से अपील की गई थी कि पूर्व वित्त मंत्री को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया जाए।सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि चिदंबरम 5 सितंबर तक सीबीआई की हिरासत में ही रहेंगे और उसी दिन इसी मामले की सुनवाई होगी।
कोर्ट में सीबीआई ने कहा कि चिदंबरम की हिरासत नहीं चाहिए, ऐसे में पी चिदंबरम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को तुरंत सुनने से इनकार कर दिया और 5 सितंबर तक के लिए इस मामले को टाल दिया। वहीं जब कोर्ट के बाहर मीडिया ने चिदंबरम से रिमांड पांच तारीख तक बढ़ने पर सवाल किया तो उन्होंने मोदी सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि जीडीपी भी पांच प्रतिशत पर ही पहुंच गई है। आईएनएक्स मीडिया केस में सीबीआई ने चिदंबरम को 21 अगस्त को गिरफ्तार किया था, इसके बाद से वह सीबीआई की हिरासत में हैं।












Click it and Unblock the Notifications