फ्लाइट में यात्री ने पूछा स्कोर तो पायलट ने हाथ से लिखकर दिया अपडेट, लोगों ने किया दिल छूने वाला रिएक्शन
क्रिकेट की शुरुआत भले ही अंग्रेजों ने की थी। लेकिन भारतीयों पर इस खेल का नशा सिर चढ़कर बोलता है। देश में लाखों लोगों के लिए क्रिकेट एक त्योहार, एक उत्सव और एक इमोशन है। भारतीय टीम चाहे किसी भी टीम के साथ भिड़े इससे फैंस को कोई मतलब नहीं रहता है। बस वो क्रिकेट के हर पल को इन्जॉय करना चाहते हैं और भारत को जीतते देखना चाहते हैं। शायद यही वजह है कि आज भारतीय क्रिकेट बोर्ड दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड बन गया है।

भारतीय टीम जब भी किसी विपक्षी टीम के साथ मैच खेलती है तो फैंस पल-पल का अपडेट लेते रहते हैं। यहां तक कि अगर वो सफर में हैं, तो भी क्रिकेट का स्कोर जानने के लिए जुगाड़ निकाल लेते हैं। ऐसा ही वाक्या रविवार को भी देखने को मिला। रविवार को पर्थ में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 मैच खेला गया। हालांकि, भारत इस मैच में हार गया। लेकिन इंडिगो फ्लाइट के पायलट ने दिल जीत लिया।
रविवार को जिस वक्त मैच चल रहा था उस वक्त इंडिगो की फ्लाइट से यात्रा कर रहे एक पैसेंजर ने पायलट से स्कोर पूछा। इस पर पायलट ने पैसेंजर को पेन से लिख कर स्कोर को बताया। पायलट की तरफ से दिए गए स्कोर के अपडेट को फैंस विक्रम गार्गा ने ट्वीट भी किया। इस ट्वीट को देखकर लोग पायलट की तारीफ कर रहे हैं।
गार्गा ने किया ये ट्वीट
विक्रम गार्गा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारत आज हार गया लेकिन इंडिगो6ई (Indigo6E) ने मेरा दिल जीत लिया। पायलट से स्कोर अपडेट के लिए अनुरोध करने पर यात्रा के बीच एक नोट भेजा गया। गार्गा ने जो ट्वीट शेयर किया है, उसमें पायलट ने हाथ से लिखा था कि इंडिया के 133/9 के जवाब में SA (साउथ अफ्रीका) का स्कोर 6 ओवर में 33 है।
गार्गा के ट्वीट पर यूजर्स ने दिया दिल जीत लेने वाला रिएक्शन
गार्गा के इस ट्वीट पर यूजर्स ने जीतने वाले कमेंट्स किए हैं। इस ट्वीट को 25 लोगों ने री-ट्वीट किया है। एक यूजर ने लिखा EPIC, जबकि एक अन्य यूजर ने स्माइली भेजते हुए खुशी जाहिर की है। वहीं, गार्गा के ट्वीट पर इंडिगो ने खुशी जाहिर करते हुए रिप्लाई किया है। इंडिगो की तरफ से लिखा गया कि हम आपके आभारी हैं, हम जल्द ही इंडिगो में फिर से आपको सफर करते हुए देखना चाहते हैं।
भारत 5 विकेट से हार गया था मैच
दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को पर्थ में खेले गए टी20 मैच में भारत को पांच विकेट से हरा दिया। भारत के 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रोटियाज टीम के 3 विकेट सिर्फ 24 रन पर ही गिर गए थे। लेकिन एडेन मार्कराम और डेविड मिलर के बीच हुई 76 रन की साझेदारी की वजह जबरदस्त वापसी करते हुए SA ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हरा दिया।
ये भी पढ़ें- केएल राहुल को मिलेगा एक और मौका? साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11












Click it and Unblock the Notifications