Indigo Flight: किस नियम ने यात्रियों को छकाया? DGCA ने क्यों लिया वापस? पायलटों का क्या रोल? 6 Point में समझें
Indigo Flights Cancelled Reason: पिछले चार दिनों से इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द हो रही हैं। एयरपोर्ट पर लोग फंसे हैं, शादियां ऑनलाइन हो रही हैं, अस्थियां विसर्जन के लिए नहीं पहुंच पा रही हैं। इसका मुख्य कारण है- पायलटों के आराम के नए सख्त नियम।
फ्लाइट्स कैंसिलेशन के बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बड़ा यू-टर्न लिया है। DGCA ने नए FDTL (Flight Duty Time Limitation) नियमों के दूसरे चरण में शामिल एक सख्त प्रावधान को पूरी तरह वापस ले लिया है, जिसमें कहा गया था कि 'साप्ताहिक विश्राम के स्थान पर कोई कंपेंसेटरी अवकाश (छुट्टी) नहीं दी जाएगी।' आइए सरल शब्दों में समझते हैं कि हुआ क्या है?

1. नए नियम क्या थे? (FDTL नियम समझिए)
DGCA ने पायलटों की थकान कम करने और हादसों से बचाने के लिए नए आराम के नियम बनाए थे। नाम है - FDTL (Flight Duty Time Limitation)।
मुख्य बदलाव जो 1 नवंबर 2025 से लागू हुए:
- हर हफ्ते पायलट को लगातार 48 घंटे का आराम जरूरी (पहले 36 घंटे था)
- रात की ड्यूटी का समय बदला - अब रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक मानी जाएगी
- रात में ज्यादा से ज्यादा सिर्फ 2 लैंडिंग की इजाजत (पहले 6 तक होती थीं)
- लगातार 2 रात से ज्यादा ड्यूटी नहीं लग सकती
- लंबी उड़ानों (अमेरिका-कनाडा जैसी) के बाद 24 घंटे का आराम अनिवार्य
सबसे सख्त नियम था- 'इसे किसी दूसरी छुट्टी से नहीं बदला जा सकता। यानी 48 घंटे का आराम हर हफ्ते फिक्स था, बाद में एक्स्ट्रा छुट्टी देकर काम नहीं चला सकते।'
2. DGCA ने ठीक कौन सा नियम वापस लिया?
बस यही सबसे सख्त वाला नियम वापस ले लिया - 'साप्ताहिक आराम के बदले कोई दूसरी छुट्टी नहीं दी जाएगी।' अब एयरलाइंस चाहें तो पायलट को उस हफ्ते 48 घंटे का आराम न देकर बाद में दो-तीन दिन की एक्स्ट्रा छुट्टी दे सकती हैं। यानी पुराना लचीलापन वापस आ गया।
DGCA का आधिकारिक कारण- 'उड़ानें बहुत ज्यादा रद्द हो रही हैं, परिचालन पूरी तरह बिगड़ गया है। स्थिरता और निरंतरता बनाए रखने के लिए इस नियम की समीक्षा जरूरी थी।'
3. इंडिगो ने खुद माना - गलती हमारी है
DGCA की मीटिंग में इंडिगो के बड़े अधिकारियों ने कबूल किया कि हमें पता था कि नवंबर से नए नियम आएंगे। फिर भी हमने सही से पायलटों की भर्ती और रोस्टर प्लानिंग नहीं की। हमारा पूर्वानुमान पूरी तरह गलत था। यात्रियों की सारी परेशानी की जिम्मेदारी हमारी है। कंपनी ने वादा किया है कि जल्द ही सैकड़ों पायलट और केबिन क्रू भर्ती करेंगे।
4. पायलटों का स्टैंड क्या है?
पायलट संगठन (APAI) बहुत नाराज हैं। वे कह रहे हैं कि ये नियम हमारी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए थे। थके हुए पायलट से विमान उड़ाना खतरनाक है। यात्रियों की असुविधा का बहाना देकर सुरक्षा से समझौता मत करो।पायलटों का आरोप कि इंडिगो को पहले से पता था, फिर भी उसने जानबूझकर ज्यादा उड़ानें डालीं और बाद में रोने लगी। यह छूट गलत है।
5. सरकार ने इंडिगो को क्या-क्या ऑर्डर दिए?
DGCA ने इंडिगो को 4 सख्त आदेश दिए हैं:-
- आने वाले महीनों में कितने पायलट-क्रू भर्ती करेंगे, पूरा रोडमैप दो?
- नए नियमों के हिसाब से रोस्टर कैसे बनाएंगे, सेफ्टी प्लान दो?
- उड़ान रद्द और देरी कैसे खत्म करेंगे, मौजूदा प्लान दो?
- हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट दो।
- साथ ही हाई-लेवल जांच भी शुरू हो गई है। जिम्मेदारी तय होगी और सजा भी हो सकती है।
6. यात्रियों के लिए राहत की खबरें
आज रात 12 बजे से इंडिगो की उड़ानें धीरे-धीरे नॉर्मल होने लगेंगी। अगले कुछ दिनों में सब कुछ सामान्य हो जाएगा। रद्द टिकट का पूरा पैसा ऑटोमैटिक वापस कंपनी करेगी। फंसे लोगों को होटल, खाना, सीनियर सिटीजंस को लाउंज मिलेगा।
नए नियम अच्छे थे - पायलटों की थकान कम होती, हादसे का खतरा कम होता। लेकिन प्लानिंग नहीं की गई तो यात्री परेशान हो गए। अब सुरक्षा और सुविधा के बीच तालमेल बिठाने की चुनौती है। पायलट कह रहे हैं - सुरक्षा से समझौता मत करो। यात्री कह रहे हैं - हमें समय पर पहुंचाओ। अब देखना यह है कि इंडिगो कितनी जल्दी सुधरती है और क्या यह संकट फिर कभी लौटेगा।
ये भी पढ़ें- Indigo Flight News: 'पिता की अस्थियां बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फंसी, तो कहीं दूल्हा-दुल्हन अटके'












Click it and Unblock the Notifications