Indigo crisis: मंत्री नायडू बोले- इंडिगो के खिलाफ ऐसा सख्त एक्शन लेंगे कि पूरा एविएशन सेक्टर याद रखेगा
Indigo crisis: इंडिगो की हजारों की संख्या में फ्लाइट पिछले छह दिनों में रद्द होने के बाद मोदी सरकार सख्त हो चुकी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने IndiGo के सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस उड़ानों में लगातार हो रही देरी, रद्दीकरण और अन्य परिचालन संबंधी गड़बड़ियों के संबंध में है। नियामक ने एयरलाइन से चौबीस घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है और चेतावनी दी है कि यदि समय पर जवाब नहीं मिला, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं फ्लाइट कैंसिल होने के कारण फैली अव्यवस्था और हजारों यात्रियों की परेशानी को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मंत्री नायडू ने जोर देकर कहा कि यह केवल तकनीकी गड़बड़ियों का मामला नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का विषय है। मंत्री ने कहा 'सरकार ऐसा कड़ा कदम उठाएगी जो पूरे एविएशन सेक्टर के लिए एक मिसाल बनेगा। इससे कोई भी एविएशन ऑपरेटर मंत्रालय को हल्के में नहीं ले पाएगा।'

वित्तीय और दंडात्मक दोनों तरह की कार्रवाई की जाएगी
आज तक को दिए इंटरव्यू में नागरिक उड्डयन मंत्री ने साफ किया कि एक हाई-लेवल कमेटी मामले की जांच कर रही है और पड़ताल पूरी होने के बाद वित्तीय और दंडात्मक दोनों तरह की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूरी घटना के लिए इंडिगो को जिम्मेदार ठहराया। नायडू ने सवाल उठाया कि जब नियम पहले से लागू थे, तो यह समस्या 3 दिसंबर से ही क्यों शुरू हुई।
Indigo की इस लापरवाही पर मंत्री नायडू क्या बोले?
नायडू ने एयरलाइन के प्रदर्शन पर भी हैरानी जताई। उन्होंने कहा, 'यह कैसे हो गया? यह बहुत हैरान करने वाला है। इतने वर्षों से एविएशन इंडस्ट्री में एक बड़ी एयरलाइन होने के नाते, और पिछले 20 वर्षों से सर्वोच्च OTP (ऑन-टाइम परफॉर्मेंस) पर काम करने के बाद, अचानक उनका प्रदर्शन दो अंकों से भी नीचे आ जाना बेहद चिंता की बात है।'
टिकट रिफंड के लिए इंडिगो को सरकार ने दी डेडलाइन
इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को मुख्य रूप से टिकट वापसी (रिफंड) और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सबसे ज़्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लेते हुए अब कड़ा हस्तक्षेप किया है। मंत्रालय ने IndiGo को आदेश दिया है कि सभी रद्द या बाधित उड़ानों का टिकट रिफंड रविवार शाम 8 बजे तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
फ्लााइट की रीशेड्यूलिंग को लेकर सरकार ने दिया अहम आदेश
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रियों से रीशेड्यूलिंग का कोई अतिरिक्त फीस नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही, जिन यात्रियों का सामान गुम हो गया है या फ्लाइट रद्द होने के कारण उनसे अलग रह गया है, उन्हें वह सामान अगले 48 घंटों के भीतर लौटाना सुनिश्चित किया जाए। एयरलाइन को एक समर्पित टीम भी बनानी होगी, जो यात्रियों से सीधे संपर्क करके उनके रिफंड और वैकल्पिक यात्रा का प्रबंधन बिना किसी फॉलो-अप के करवाए।
कब तक ठीक होगी इंडिगो की समस्या?
इंडिगो ने बताया कि डीजीसीए से बड़ी राहत मिलने के बाद वह अपने परिचालन को सामान्य करने के लिए तेजी से काम कर रही है। डीजीसीए ने पायलटों के लिए नई फ्लाइट ड्यूटी और आराम अवधि (FDTL) नियमों के दूसरे चरण में ढील दी है, क्योंकि एयरलाइन ने नई व्यवस्था में रोस्टर प्लानिंग और क्रू उपलब्धता को लेकर गंभीर चुनौतियों का सामना करने की बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications