इंडिगो के टेक्नीशियन्स ने फिर से बहाना बनाकर ली सामूहिक छुट्टी, इस वजह से हैं नाराज
नई दिल्ली, 10 जुलाई: विमान कंपनी इंडिगो की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि दूसरी नौकरी खोजने के चक्कर में इंडिगो के कर्मचारी बहाना बनाकर छुट्टी ले रहे हैं, लेकिन कंपनी ने सब कुछ ठीक होने का दावा किया। अब खबर आ रही कि इंडिगो के दिल्ली और हैदराबाद में कई टेक्नीशियन्स फिर से छुट्टी पर गए हैं। इस मामले में न्यूज एजेंसी पीटीआई ने इंडिगो के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

महामारी में कटी थी सैलरी
दरअसल जब कोरोना महामारी अपने चरम पर थी, तो इंडिगो ने कर्मचारियों के बड़े वर्ग के वेतन में कटौती की थी। उस दौरान तो हालात को देखते हुए किसी ने विरोध नहीं किया, लेकिन अब कर्मचारियों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। कर्मचारी लगातार बहाना बनाकर सामूहिक छुट्टी पर जा रहे हैं। अभी बीते 2 जुलाई को इंडिगो की घरेलू उड़ानों में से करीब 55 प्रतिशत में देरी हुई थी। बाद में पता चला कि उसके केबिन क्रू ने बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी ले ली और वो एयर इंडिया में इंटरव्यू देने पहुंच गए।

कर्मचारियों को मिले कई विकल्प
सूत्रों के मुताबिक कर्मचारियों ने बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी ली है, इससे कंपनी उनके ऊपर अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं कर सकती है और वो इसके जरिए अपनी नाराजगी भी उच्चाधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। वहीं दूसरी ओर टाटा समूह ने एयर इंडिया को खरीद लिया है, ऐसे में वहां पर भर्ती प्रक्रिया चल रही। इसके अलावा आकासा एयर और जेट एयरवेज के मार्केट में आने से कर्मचारियों को नया विकल्प भी मिल गया है।

8 प्रतिशत बढ़ी थी सैलरी
आपको बता दें कि जब कोरोना महामारी आई और लॉकडाउन की वजह से सब कुछ ठप हो गया, तो इंडिगो ने अपने पायलट्स की सैलरी में 28 प्रतिशत की कटौती की थी। हाल ही में विरोध को देखते हुए उनकी सैलरी में 8 प्रतिशत का इजाफा किया गया। कंपनी का ये आदेश 1 अगस्त 2022 से लागू होगा। इसके अलावा कंपनी ने पायलट्स के लिए ओवरटाइम भत्ता भी बहाल कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications