Indian Railways: ये सारी एक्सप्रेस ट्रेनें अब सुपरफास्ट हो चुकी हैं, घर से निकलने से पहले यहां जरूर चेक कर लें
नई दिल्ली, 4 अप्रैल: भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लगातार ट्रेनों की स्पीड बढ़ा रहा है। इस वजह से कई पैसेंजर ट्रेन अब एक्सप्रेस हो चुकी हैं तो कई को सुपरफास्ट ट्रेनों का दर्जा मिल गया है। इसका सीधा मतलब है कि ऐसी ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी और कुछ स्टेशन पर ये नहीं भी रुक सकती हैं। इसलिए, सभी यात्रियों को घर से स्टेशन निकलने से पहले एक बार टाइमिंग जरूर चेक कर लेना चाहिए। यह इसलिए और भी जरूरी है कि अक्टूबर में कई ट्रेनों के समयों में भी बदलाव किया गया है। दूसरी तरफ ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करवाने वालों को भी आईआरसीटीसी नई सुविधाएं दे रहा है।

दक्षिण मध्य रेलवे ने 673 ट्रेनों की स्पीड बढ़ाई
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कई एक्सप्रेस ट्रेनों को सुपरफास्ट ट्रेन में तब्दील कर दिया है। अभी ऐसी एक बड़ी पहल साउथ सेंट्रल रेलवे जोन ने की है, जिसने मौजूदा एक्सप्रेस ट्रेनों को सुपरफास्ट श्रेणी में बदल दिया है। यही नहीं कई पैसेंजर ट्रेनों को भी इस महीने से एक्सप्रेस ट्रेनों में बदला जा रहा है। साउथ सेंट्रल रेलवे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है 'दक्षिण मध्य रेलवे की ओर से यात्री ट्रेनों के संशोधित वर्गीकरण के बाद, जोन में संचालित होने वाली कुल 872 ट्रेनों में से 673 ट्रेनों की गति बढ़ा दी गई है।'

स्पीड बढ़ने से समय में भी बदलाव
इस बदलाव की वजह से 1 अक्टूबर से ही ट्रेनों के समय में बदलाव हो चुका है। इसलिए, अब जो भी यात्री भारतीय रेलवे से सफर करने वाले हैं, उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकलने से पहले एक बार सही समय का पता जरूर लगा लेना चाहिए। ट्रेनों के नए समय के बारे में तसल्ली इसलिए जरूरी हो गई है, क्योंकि नई ट्रेनें भी शुरू हुई हैं, मेल/एक्स्प्रेस ट्रेन को सुपरफास्ट और पैसेंजर को एक्सप्रेस ट्रेन में बदला गया है, ट्रेनों की स्पीड बढ़ी है और दक्षिण मध्य रेलवे के टर्मिनलों में भी बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें डायवर्ट भी की जा रही हैं।

इन ट्रेनों को मिला सुपरफास्ट ट्रेन का दर्जा
नए समय का पता लगाने के लिए आप आईआरसीटीसी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट आईआरसीटीसी डॉट को डॉट इन, नेशनल ट्रेन इनक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) पर जा सकते हैं या रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मैनेजर, पूछताछ काउंटर पर संपर्क करके नए समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। दक्षिण मध्य रेलवे ने जिन ट्रेनों को एक्सप्रेस से सुपरफास्ट में परिवर्तित किया है, वे हैं-
पुराना ट्रेन नंबर- कहां से कहां तक नया ट्रेन नंबर
17025/17026: सिकंदराबाद-मैंगलुरु एक्सप्रेस- 02745/02746
17213/17214: नारासापुर-नागरसोल एक्सप्रेस- 02713/02714
17605/17606: काचीगुड़ा-मैंगलुरु सेंट्रल एक्सप्रेस- 02777/02778
17017/17018: सिकंदराबाद- राजकोट एक्सप्रेस- 02755/02756
17203/17204: काकीनाडा टाउन- भावनगर एक्सप्रेस-02699/02700
17037/17038: सिकंदराबाद- हिसार एक्सप्रेस- 02789/02790

आधार से लिंक करवाने पर बुकिंग में सुविधा
इस बीच आईआरसीटीसी से ट्रेन टिकट की ऑनलाइन बुकिंग करने वालों को आधार से लिंक करवाने से नई सुविधाएं मिल सकती हैं। आईआरसीटीसी के नियमों के तहत आप महीने में अधिकतम 6 टिकटों की बुकिंग कर सकते थे। लेकिन, अगर आपने अपना आधार लिंक करवा लिया है, तो आप अब 12 टिकट तक बुक करा सकते हैं। इसके लिए अकाउंट की प्रोफाइल की आधार से पुष्टि होना जरूरी है। जानकारी के मुताबिक आने वाले दिनों में आईआरसीटी कई तरह की सुविधाएं देने जा रहा है और आधार लिंक रहने पर आप भी उसका लाभ उठा सकते हैं।

किस तरह से आईआरसीटीसी अकाउंट को करें आधार से लिंक ?
- सबसे पहले आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर अपना यूजर आईडी और पासवर्ड डालकर लॉग इन करें।
- फिर होम पेज के माय अकाउंट सेक्शन में जाकर आधार केवाईसी पर क्लिक करें।
- ऐसा करते ही नया पेज खुलेगा, जिसमें यूजर को अपना आधार नंबर डालकर सेंड ओटीपी क्लिक करना होगा।
- ऐसा करने पर आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। जब ओटीपी डालेंगे और उसकी पुष्टि करेंगे तो आपको आधार वाली जानकारी दिखेगी। तब आप उसे वेरिफाई करेंगे।
- ऐसा करते ही आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर मैसेज आएगा कि आपका आधार केवाईसी अपडेट हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications