भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला, 10 गुना बढ़ाई गई ट्रेन हादसों में मुआवजा राशि, जानिए पूरी डिटेल
Indian Railways news in hindi: भारतीय रेल मंत्रालय ने एक बड़े कदम के तहत ट्रेन हादसों में जान गंवाने वाले और घायल यात्रियों के लिए मुआवजा राशि बढ़ा दी है। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक रत्नेश कुमार झा की तरफ से चिट्ठी लिखकर रेलवे के इस फैसले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
रेलवे के इस नए फैसले के मुताबिक, ट्रेन हादसों में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को अब 5 लाख रुपए की मुआवजा राशि दी जाएगी। पुरानी गाइडलाइन के मुताबिक, ये राशि पहले महज 50 हजार रुपए थी।

नई गाइडलाइन में कहा गया है कि ट्रेन हादसा, चाहे ट्रेनों की आपस में टक्कर की वजह से हुआ हो, ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह से या फिर मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर, तीनों स्थितियां शामिल हैं। ये नियम ट्रेन के अंदर किसी यात्री पर हुआ हमले, डकैती, आगजनी या ट्रेन से गिरने की वजह से हुई किसी यात्री की मौत के मामले में भी लागू होंगे।
घायलों के लिए भी बढ़ाई गई आर्थिक सहायता राशि
इसके अलावा नई गाइडलाइन के मुताबिक, किसी ट्रेन हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अब 2.5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, सामान्य तौर पर घायल यात्रियों को 50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। अभी तक के रेलवे नियमों के मुताबिक, ट्रेन हादसे में गंभीर घायलों को 25 हजार और सामान्य घायलों को 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है।
भारतीय रेलवे के डॉक्टर निभाएंगे अहम जिम्मेदारी
रेलवे के नए नियमों के मुताबिक बदली हुई मुआवजा राशि सही तरीके से और सही समय पर पीड़ित यात्रियों के परिजनों को मिले, इसके लिए रेलवे के डॉक्टरों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही रेलवे के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर भी सीनियर डिविजनल मेडिकल अधिकारियों के साथ मिलकर इस दिशा में काम करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications