भारतीय नौसेना के स्वदेशी Torpedo ने पानी के भीतर लक्ष्य खोजकर किया तबाह, देखिए Video
भारतीय नौसेना को मंगलवार को एक और बड़ी सफलता मिली है। इसने डीआरडीओ की सहायता से विकसित हेवीवेट टारपीडो का सफल परीक्षण किया है। नौसेना ने इसका एक वीडियो शेयर किया है।

भारतीय नौसेना ने मंगलवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इसने मेड इन इंडिया के तहत स्वदेश में निर्मित हेवीवेट टारपीडो का सफल परीक्षण किया है। इस टारपीडो ने पानी के अंदर लक्ष्य को खोजकर उसे चंद सेकंड में पूरी तरह से तबाह कर दिया। इस परीक्षण का वीडियो नेवी ने जारी किया है।
Recommended Video
स्वदेशी हेवीवेट टारपीडो से टारगेट तबाह
भारतीय नौसेना ने इस सफल परीक्षण का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, 'स्वदेश में विकसित हेवीवेट टारपीडो ने सफलतपूर्वक पानी के अंदर के लक्ष्य को निशाना बनाया है। अंडरवाटर डोमेन में टारगेट पर युद्ध सामग्री की सटीक डिलीवरी की खोज, भारतीय नौसेना और रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।'
आत्म निर्भर भारत का एक और मिशन पूरा
नौसेना ने इसे 'आत्म निर्भर भारत' हैशटैग के साथ शेयर किया है। नेवी ने 8 सेकंड की जो क्लिप शेयर की है, उसमें दिखाई दे रहा है कि एक लंबी कई रंगों वाली चीज समंदर के ऊपर तैर रही है। लेकिन, जैसे ही टारपीडो से उसे निशाना बनाया गया, वह धमाके के साथ तबाह हो गयी।
भारतीय नौसेना को कुछ ही दिनों में मिली दूसरी सफलता
यह भारतीय नौसेना के लिए कुछ ही दिनों के अंतर पर मिली दूसरी कामयाबी वाला दिन साबित हुआ है। पिछले बुधवार को भारतीय नौसेना ने एमएच-60 रोमियो मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर को आईएनएस विक्रांत पर सफलतापूर्क लैंड कराया था।
एमएच-60 रोमियो मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर सभी मौसम के लिए उपयोगी है
आईएनएस विक्रांत स्वदेश में डिजाइन और विकसित किया गया विमान वाहक युद्धपोत है, जिसके डेक पर एमएच-60 रोमियो मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर सफलतापूर्वक उतारा गया। यह सभी मौसम में काम आने वाला हेलीकॉप्टर है, जिसे अमेरिका में विकसित किया गया है। इसमें अत्याधुनिक एवियोनिक्स और सेंसर लगाए गए हैं, जिससे भारतीय युद्धपोत की क्षमता में चार चांद लग गया है।
भारतीय नौसेना की बढ़ी क्षमता
इन सफलताओं से समुद्र के रास्ते आने वाले खतरों का सामना करने में भारतीय नौसेना की क्षमता और बढ़ी है। कुल 24 एमएच-60 रोमियो मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर के लिए ऑर्डर दिए गए हैं, जिनमें से पहले दो की डिलिवरी जुलाई 2021 में की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications